दीपावली पर यूपी-112 ने तीन दिन में 2.05 लाख लोगों तक पहुंचाई मदद
त्योहार के दौरान अलर्ट मोड पर रहीं पीआरवी, पुलिस संबंधी मामलों में करीब 1.56 लाख लोगों को मिली सहायता; मेडिकल और अग्निशमन सेवाएं भी रहीं सक्रिय
लखनऊ। दीपावली पर प्रदेशवासियों की सुरक्षा और आपातकालीन जरूरतों को पूरा करने के लिए यूपी-112 की पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) ने तीन दिनों तक मुस्तैदी से काम किया। छोटी दीपावली से लेकर दीपावली के अगले दिन तक पुलिस की आपातकालीन सेवा ने कुल 2,05,738 लोगों तक पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के त्योहारों पर कानून-व्यवस्था मजबूत रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देशों के तहत प्रदेशभर में पीआरवी को अलर्ट मोड पर रखा गया था।
दीपावली के अगले दिन सबसे अधिक मदद की मांग
यूपी-112 के डीजी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सात नवंबर को 53,264, आठ नवंबर को 74,816 और नौ नवंबर को 77,753 लोगों ने आपातकालीन सहायता प्राप्त की। सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 38 हजार सहायता संबंधी सूचनाएं मिलती हैं। त्योहार के दौरान बढ़ी मांग के बावजूद पीआरवी टीमों ने तत्परता से मौके पर पहुंचकर लोगों को राहत पहुंचाई।
पुलिस, मेडिकल और अग्निशमन सेवाएं सक्रिय
Read More छठ महापर्व की लोक आस्था व संस्कृति के रंग में रंगे उच्च माध्यमिक विद्यालय नवादा के छात्र-छात्राएंतीन दिनों में पुलिस संबंधी मामलों में करीब 1.56 लाख लोगों को सहायता दी गई। इसके अलावा मेडिकल से जुड़ी 36,817 आपातकालीन सूचनाओं पर एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई, जबकि आग लगने और अन्य अग्निशमन संबंधी 7,029 मामलों में फायर ब्रिगेड की मदद पहुंचाई गई। आतिशबाजी के दौरान आग लगने की आशंका को देखते हुए अग्निशमन सेवाओं को भी सक्रिय रखा गया।
बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए संचालित सवेरा योजना के तहत सात से नौ नवंबर के बीच 2,018 पंजीकृत बुजुर्गों को जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई गई। वहीं, महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित 'एस्कॉर्ट फॉर वुमेन सेफ्टी' सेवा के तहत रात 10 बजे से सुबह छह बजे के बीच साधन न मिलने पर 11 महिलाओं को पीआरवी के माध्यम से सुरक्षित उनके घर या निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाया गया।


Comments