नवीनतम
राजनीति
भारत
ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन से भाजपा को फर्क नहीं पड़ेगा: अनिल राजभर
मंत्री का दावा- 2027 में फिर बनेगी एनडीए सरकार, पूजा पाल ने भी अखिलेश यादव पर साधा निशाना
लखनऊ। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ को लेकर कहा कि इससे भाजपा की चुनावी संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में फिर एनडीए की सरकार बनेगी। वहीं, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें अपना आचरण सुधारने की सलाह दी।
अनिल राजभर ने कहा कि भाजपा ने जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं और उसे जनता का समर्थन मिल रहा है। उनके मुताबिक, अखिलेश यादव घबराहट और अविश्वास के शिकार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी में असंतोष बढ़ रहा है और उसके नेता अलग-अलग बयान दे रहे हैं। ऐसे में अखिलेश यादव को दूसरी पार्टियों पर टिप्पणी करने के बजाय पहले अपनी पार्टी को संभालना चाहिए।
सपा सरकार में दलितों के उत्पीड़न का लगाया आरोप
अनिल राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते सपा से जुड़े लोगों ने दलितों की जमीनों पर कब्जे किए और दलित महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं हुईं। उन्होंने यह भी कहा कि सपा शासनकाल में तत्कालीन मंत्री आजम खान के जरिए डॉ. भीमराव आंबेडकर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कराई गई थी। मंत्री ने अखिलेश यादव से दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपनी सरकार के कार्यकाल और पार्टी नेताओं के बयानों पर विचार करने को कहा।
पूजा पाल बोलीं- दूसरों को अपमानित करना अखिलेश की फितरत
भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल ने भी अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष को दूसरों को नसीहत देने से पहले अपने व्यवहार पर ध्यान देना चाहिए। पूजा पाल ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने कई बार पत्रकारों, पुलिसकर्मियों और दलित समाज के लोगों को अपमानित किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर काम कर रही है।


Comments