नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
राम भारत की आत्मा और राष्ट्रीय चेतना के आधार : राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
दीपोत्सव भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का वैश्विक उत्सव, राम के आदर्शों में निहित है सुशासन का संदेश
अयोध्या। अयोध्या धाम में आयोजित दीपोत्सव-2026 समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रभु श्रीराम के आदर्शों को भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय चेतना और सुशासन का आधार बताया। उन्होंने कहा कि राम भारत की आत्मा हैं और हमारी राष्ट्रीय चेतना के केंद्र में हैं। प्रभु श्रीराम का जीवन सिखाता है कि सत्ता से बड़ा कर्तव्य, अधिकार से बड़ा दायित्व और वैभव से बड़ा चरित्र होता है। रामराज्य की परिकल्पना तभी साकार होगी, जब समाज में गरीबों को सम्मान, वंचितों को अवसर, महिलाओं को सुरक्षा, युवाओं को रोजगार और प्रत्येक नागरिक को न्याय मिले। शासन का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुख, सुरक्षा और सम्मान पहुंचाना होना चाहिए।
राज्यपाल ने दीपोत्सव की भव्यता का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या आज श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक चेतना के प्रकाश से जगमगा रही है। ऐसा प्रतीत हो रहा है, मानो आकाश के असंख्य तारे धरती पर उतरकर अयोध्या की पावन धरा को सजा रहे हों। प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या करोड़ों लोगों की अटूट आस्था, भारतीय संस्कृति की आत्मा और सनातन चेतना का जीवंत केंद्र है। यहां के कण-कण में रामत्व का भाव समाया हुआ है।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण और गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरितमानस के माध्यम से प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया। श्रीराम केवल आराध्य नहीं, बल्कि भारत की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता के प्रतीक हैं। रामराज्य न्याय, समानता, संवेदना, लोककल्याण और सुशासन पर आधारित आदर्श समाज की परिकल्पना है।
आध्यात्मिक पहचान के साथ विकास की नई ऊंचाइयां
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या अपनी प्राचीन आध्यात्मिक पहचान को आधुनिक विकास की नई ऊंचाइयों से जोड़ रही है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल, धर्मशाला, परिवहन, खान-पान, हस्तशिल्प, फूल-माला और पूजा सामग्री से जुड़े हजारों परिवारों के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। अयोध्या की रामलीला, लोककला, संगीत, साहित्य और पारंपरिक खान-पान को भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।
Read More क्यूएस एशिया रैंकिंग में लखनऊ विश्वविद्यालय का शानदार प्रदर्शन, 50.8 प्रतिशत संस्थानों को छोड़ा पीछेप्रकृति संरक्षण से सार्थक होगा दीपोत्सव का संदेश
सरयू नदी को अयोध्या की जीवनधारा बताते हुए राज्यपाल ने घाटों की स्वच्छता, नदी के निर्मल जल और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, वृक्षारोपण और प्लास्टिक मुक्त वातावरण को जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। दीपोत्सव का वास्तविक संदेश तभी सार्थक होगा, जब दीपों का प्रकाश प्रकृति संरक्षण और समाज के कल्याण का माध्यम बने।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। राज्यपाल ने युवाओं से प्रभु श्रीराम के जीवन से अनुशासन, नेतृत्व, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा की सीख लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को रामायण, महाभारत और भारतीय ज्ञान परंपरा से परिचित कराना आवश्यक है। हमें संकल्प लेना चाहिए कि किसी गरीब बच्चे की शिक्षा का दीप नहीं बुझने देंगे, किसी बेटी के सपनों को सीमित नहीं होने देंगे और किसी बुजुर्ग को अकेला नहीं छोड़ेंगे।
राज्यपाल ने कहा कि एक दीप से हजारों दीप प्रज्ज्वलित हो सकते हैं, लेकिन उसका प्रकाश कम नहीं होता। यही भारतीय संस्कृति की विशेषता है। हमारी खुशियों की रोशनी दूसरों के जीवन में भी आशा और प्रसन्नता का संचार करे, यही दीपावली का वास्तविक संदेश है।


Comments