नवीनतम
राजनीति
भारत
अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेताओं को केशव मौर्य ने दी बधाई
खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की उपलब्धियों को बताया प्रदेश का गौरव, कहा- युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की मिलेगी प्रेरणा
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा अर्जुन पुरस्कार-2025 और द्रोणाचार्य पुरस्कार-2025 से सम्मानित उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों एवं खेल प्रशिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इनकी उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय हैं और युवा पीढ़ी को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगी।
अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल, नौकायन खिलाड़ी अरविंद सिंह, निशानेबाज अखिल श्योराण और एथलेटिक्स खिलाड़ी प्रियंका गोस्वामी को बधाई देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है।
उन्होंने द्रोणाचार्य पुरस्कार (जीवनपर्यंत) से सम्मानित मुक्केबाजी प्रशिक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित प्रशिक्षक छोटे लाल यादव को भी विशेष रूप से शुभकामनाएं दीं। मौर्य ने कहा कि प्रशिक्षकों का अनुभव, समर्पण और खिलाड़ियों को तैयार करने में उनका योगदान देश की खेल प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने अपनी प्रतिभा, लगन और निरंतर अभ्यास के बल पर सफलता के नए मानक स्थापित किए हैं। उनकी उपलब्धियां प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने तथा देश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित करेंगी।
उन्होंने सभी सम्मानित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और खेल जगत में निरंतर सफलता की कामना की।


Comments