छठ पूजा के लिए लखनऊ में 110 घाट तैयार, सफाई से लेकर सुरक्षा तक पुख्ता इंतजाम
नगर निगम के आठ जोनों में 47 प्रमुख और 63 छोटे घाटों पर रोशनी, सजावट और स्वच्छता की व्यवस्था; जीरो वेस्ट पर्व के लिए तैनात रहेंगे सफाई मित्र
लखनऊ। छठ पूजा पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लखनऊ नगर निगम ने गोमती नदी के 110 घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर निगम के आठों जोनों में 47 प्रमुख और 63 छोटे घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सजावट के साथ जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर प्रमुख घाटों की रंगाई-पुताई, सफाई और झालरों से सजावट कराई गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी के टैंकर, मोबाइल शौचालय और कूड़ेदान लगाए गए हैं। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए सभी घाटों पर नियंत्रण कक्ष भी बनाए गए हैं।
जीरो वेस्ट पूजा पर विशेष जोर
पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक घाट पर अर्पण कलश स्थापित किए गए हैं, ताकि पूजा सामग्री नदी या जलाशयों में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थान पर एकत्र की जा सके। घाटों पर सफाई मित्रों की तैनाती की गई है, जो कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।
आठों जोनों में प्रमुख घाटों पर व्यवस्था
नगर निगम के अनुसार, जोन-1 में लक्ष्मण मेला घाट और लल्लूमल घाट, जोन-2 में लेटे हनुमान मंदिर घाट, जोन-3 में बैरल नंबर-2, सांझिया घाट और झूलेलाल घाट, जोन-4 में गोमती नगर विस्तार, जोन-5 में स्कूटर इंडिया और गौरी बाजार, जोन-6 में कुड़िया घाट और मेहंदी घाट, जोन-7 में कुकरैल घाट तथा जोन-8 में सैनिक स्कूल बोटिंग क्लब घाट पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
नगर निगम का उद्देश्य छठ पूजा को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ जीरो वेस्ट पर्व के रूप में संपन्न कराना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।


Comments