नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
रामपथ पर साकार हुई रामायण, ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमी अयोध्या
सातों कांडों की झांकियों में जीवंत हुई प्रभु श्रीराम की गाथा, 21 रथों पर दिखी रामकथा और प्रदेश की विकास यात्रा
अयोध्या। रामपथ पर शनिवार को रामायण के प्रसंग जीवंत हो उठे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, लोक कलाकारों की थिरकन और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच सजीव झांकियों की शोभायात्रा निकली तो पूरी अयोध्या राममय नजर आई। कहीं प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के दिव्य स्वरूपों के दर्शन हुए तो कहीं गदा धारण किए बजरंगबली का पराक्रम देखने को मिला। रामायण के सातों कांडों पर आधारित झांकियों ने श्रद्धालुओं को त्रेतायुग की याद दिला दी।
शोभायात्रा में महिला कलाकारों ने कंधों पर ढोल रखकर आकर्षक अंदाज में वादन किया। नगाड़ों और ताशों की थाप के बीच कलाकारों के करतब तथा विभिन्न राज्यों के पारंपरिक लोकनृत्यों ने रामपथ को सांस्कृतिक उत्सव के मंच में बदल दिया। श्रद्धालु झांकियों को अपलक निहारते रहे और जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण गूंजता रहा। दसवें दीपोत्सव के अवसर पर निकली इस शोभायात्रा में आस्था, संस्कृति और परंपरा का भव्य संगम देखने को मिला।
पर्यटन मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
साकेत महाविद्यालय से पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद शोभायात्रा रामकथा पार्क पहुंची। इसमें कुल 21 भव्य झांकियां शामिल रहीं। इनमें सात झांकियां रामायण के सातों कांडों पर आधारित थीं, जबकि 14 झांकियों के माध्यम से योगी सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया।
रामायण आधारित झांकियों में बालकांड के रामजन्म और बाल लीलाओं से लेकर अयोध्याकांड के वनगमन, अरण्यकांड के वनवास प्रसंग, किष्किंधाकांड में सुग्रीव और हनुमान से मिलन, सुंदरकांड में बजरंगबली के पराक्रम तथा लंकाकांड में रावण के साथ युद्ध को दर्शाया गया। उत्तरकांड की कथा भी आकर्षक ढंग से प्रस्तुत की गई। एक के बाद एक आगे बढ़ती झांकियों ने दर्शकों को रामायण की संपूर्ण गाथा का दृश्यात्मक अनुभव कराया।
सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की भी दिखी झलक
शोभायात्रा में प्रदेश की विकास यात्रा को भी प्रमुखता दी गई। जल जीवन मिशन, एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी), कृषि एवं पशुपालन, आयुष्मान कैशलेस योजना, स्वच्छ एवं हरित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत, उत्तर प्रदेश पुलिस, मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आत्मनिर्भर नारी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर जैसे विषयों पर आधारित झांकियों ने सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों की लोकनृत्य प्रस्तुतियों ने आयोजन में सांस्कृतिक विविधता के रंग भी भर दिए।
दीपोत्सव अब पूरे विश्व का पर्व बन चुका है : जयवीर सिंह
शोभायात्रा की भव्यता देखकर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव अलौकिक, दिव्य और भव्य आयोजन बन चुका है। शाम को होने वाला दीपोत्सव कार्यक्रम भी अत्यंत भव्य होगा। उन्होंने कहा कि सनातनियों के लिए इससे बड़ा गौरव का पर्व नहीं हो सकता। हर वर्ष हम अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ते हैं और इस बार भी नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। दीपोत्सव अब केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे विश्व का पर्व बन चुका है। सातों कांडों पर आधारित झांकियां राम में अयोध्या, सनातन में अयोध्या और विरासत में अयोध्या का दर्शन करा रही हैं।
श्रद्धालुओं ने रामायण के प्रसंगों की प्रस्तुतियों को सराहा
शोभायात्रा देखने पहुंचे उन्नाव के सुशील कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में अयोध्या का दिव्य और भव्य स्वरूप देखने को मिल रहा है। दीपोत्सव और शोभायात्रा ने मन आनंदित कर दिया। जौनपुर से आए राम कुमार ने रामायण की झांकियों और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की। वहीं, बलरामपुर की सुशीला ने कहा कि रामकथा के सजीव मंचन और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया।
रामपथ के दोनों ओर मौजूद श्रद्धालु शोभायात्रा के हर दृश्य को अपलक निहारते रहे। प्रभु श्रीराम के स्वरूपों के दर्शन कर कई लोग भावविभोर हो उठे। कोई हाथ जोड़कर नमन करता नजर आया तो कोई रामनाम के उद्घोष में लीन रहा। ढोल-नगाड़ों की गूंज, कलाकारों की प्रस्तुतियों और जय श्रीराम के नारों के बीच पूरा रामपथ भक्तिमय हो गया। ऐसा लग रहा था मानो रामायण के प्रसंग केवल झांकियों में ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के हृदय में भी साकार हो उठे हों।


Comments