नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
उज्ज्वला लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में मिलेंगे दो मुफ्त सिलेंडर
शत-प्रतिशत सत्यापन, आधार सीडिंग और ई-केवाईसी पूरा कराने के निर्देश
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र, 30 अक्टूबर। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में दो निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की योजना को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजना के पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि योजना के सभी पंजीकृत लाभार्थियों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन कराया जाए। साथ ही बैंक खातों की आधार सीडिंग, ई-केवाईसी और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ प्राप्त करने में परेशानी न हो।
उन्होंने दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडरों की समयबद्ध होम डिलीवरी सुनिश्चित करने तथा निष्क्रिय लाभार्थियों और खातों की पहचान कर सूची अद्यतन करने के निर्देश दिए। लाभार्थियों को निःशुल्क सिलेंडर रिफिल की प्रक्रिया, पात्रता और निर्धारित तिथियों की जानकारी देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, लीड बैंक मैनेजर, वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप-विज्ञान, पूर्ति निरीक्षकों तथा इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।


Comments