क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग में भाषा विश्वविद्यालय को मिली उपलब्धि
दक्षिण एशिया में 485वां और देश में 284वां स्थान, कुलपति ने शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को दी बधाई
लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग एशिया-2027 में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय को एशिया में 1501+ रैंक बैंड, दक्षिण एशिया में 485वां और भारत में 284वां स्थान मिला है। इसे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के प्रयासों की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
क्वाक्वेरेली साइमंड्स (क्यूएस) की ओर से जारी इस रैंकिंग में विश्वविद्यालय ने अकादमिक प्रतिष्ठा और नियोक्ता प्रतिष्ठा के मानकों पर भी 401+ रैंक बैंड हासिल किया है। यह उपलब्धि शिक्षण, शोध, विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास और संस्थागत पहचान को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है।
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास, समर्पण और शैक्षणिक गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देते हुए भविष्य में भी शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ेगा।
विश्वविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर कुलाधिपति एवं प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के प्रेरणादायी मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के प्रति आभार जताया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, शोध गतिविधियों को प्रोत्साहन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संस्थान की पहचान मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।


Comments