योगी सरकार ने दिवाली पर राजस्व परिषद के 285 कार्मिकों को दिया पदोन्नति का तोहफा
206 लेखपाल और 79 संग्रह अमीन बने राजस्व निरीक्षक, परिषद ने पूरी की पदोन्नति प्रक्रिया
लखनऊ। दिवाली के अवसर पर योगी सरकार ने राजस्व परिषद के 285 कार्मिकों को पदोन्नति का लाभ दिया है। इनमें 206 लेखपाल और 79 संग्रह अमीन शामिल हैं, जिन्हें राजस्व निरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया है। इस निर्णय से लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे पात्र कर्मचारियों को राहत मिली है।
राजस्व परिषद के चेयरमैन बीएल मीणा ने बताया कि विभागीय कार्मिकों की पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में पात्रता के आधार पर 285 कर्मचारियों को उच्च पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि पदोन्नति से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और राजस्व प्रशासन की कार्यक्षमता को मजबूती मिलेगी। राजस्व निरीक्षक के रूप में कार्मिकों के अनुभव और कार्यदक्षता का बेहतर उपयोग विभागीय कामकाज में किया जा सकेगा। परिषद की ओर से पदोन्नति प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और पात्र कर्मचारियों को समय पर लाभ देने के प्रयास किए जा रहे हैं।


Comments