यूपी बोर्ड की कॉपियों का बदलेगा रंग-रूप, मुख्य कवर पर होगा क्यूआर कोड
हाईस्कूल और इंटर की ए व बी उत्तर पुस्तिकाओं के रंग होंगे अलग, मेरठ में 1.21 लाख परीक्षार्थियों के लिए तैयारियां शुरू
मेरठ, 4 नवंबर। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में परीक्षार्थियों को नए स्वरूप वाली उत्तर पुस्तिकाएं मिलेंगी। उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इनके प्रारूप में बदलाव किया है। अब अलग-अलग कवर के बजाय कॉपियों पर एक मुख्य कवर होगा, जिस पर क्यूआर कोड अंकित रहेगा। इसे स्कैन करने पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद का लोगो दिखाई देगा।
नई व्यवस्था का उद्देश्य उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान, निगरानी और वितरण प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाना है। मेरठ जिले में इस बार करीब 1.21 लाख विद्यार्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
हाईस्कूल और इंटर की कॉपियों के रंग अलग
बोर्ड ने दोनों कक्षाओं की ए और बी उत्तर पुस्तिकाओं के रंग भी अलग-अलग निर्धारित किए हैं। हाईस्कूल की ए कॉपी गहरे नारंगी और बी कॉपी गहरे नीले रंग की होगी। वहीं, इंटरमीडिएट की ए कॉपी बैंगनी और बी कॉपी हरे रंग की निर्धारित की गई है। सभी उत्तर पुस्तिकाओं पर एक समान मुख्य कवर और क्यूआर कोड रहेगा। अलग-अलग रंग होने से कॉपियों की पहचान और वितरण में सुविधा होगी।
सीसीटीवी की निगरानी में रखी जाएंगी उत्तर पुस्तिकाएं
उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए उन्हें 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी वाले सुरक्षित कक्ष में रखा जाएगा। कॉपियों के बंडलों के क्रमांक का रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। इससे उनके भंडारण, वितरण और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा सकेगी। बोर्ड की नई व्यवस्था में तकनीकी पहचान के साथ उत्तर पुस्तिकाओं की भौतिक सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
5 से 24 फरवरी तक प्रस्तावित हैं परीक्षाएं
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 5 से 24 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित हैं। पिछले वर्ष मेरठ जिले में 154 परीक्षा केंद्रों पर करीब 1.21 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें हाईस्कूल के लगभग 60 हजार और इंटरमीडिएट के करीब 61 हजार परीक्षार्थी शामिल थे। इस बार भी परीक्षार्थियों की संख्या लगभग इसी स्तर पर रहने का अनुमान है। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं की उपलब्धता तक की तैयारियां की जा रही हैं।
बोर्ड के निर्देशों के अनुरूप होगी व्यवस्था
जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रकाश शुक्ल ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का प्रारूप और उनका निर्धारण बोर्ड स्तर से किया जाता है। नए दिशा-निर्देश प्राप्त होने के बाद जिले में उसी के अनुरूप व्यवस्था लागू कराई जाएगी। परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां बोर्ड के निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएंगी।


Comments