डॉ. कार्तिक उरांव की जन्म शताब्दी पर कर्मा महोत्सव, जनजातीय संस्कृति की दिखी झलक
चतरा के सोढ़ा-दुपटिया में जुटीं दर्जनों टोलियां, पारंपरिक कला और संस्कृति का किया प्रदर्शन
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र। सेवा समर्पण संस्थान सोनभद्र के तत्वावधान में डॉ. कार्तिक उरांव की जन्म शताब्दी के अवसर पर गुरुवार को चतरा विकास खंड के सोढ़ा-दुपटिया में जनजातीय सांस्कृतिक महोत्सव (कर्मा महोत्सव) का आयोजन किया गया। महोत्सव में क्षेत्र की विभिन्न टोलियों ने पारंपरिक कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा और बालासाहब देशपांडे के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। आयोजन समिति ने अतिथियों को बैज अलंकरण और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम, उत्तर प्रदेश के संगठन मंत्री आनंद जी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, सेवा समर्पण संस्थान के अध्यक्ष जेसी विमल सिंह और सदर विधायक भूपेश चौबे सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संस्कृति और भाषा ही जनजातीय समाज की पहचान
संगठन मंत्री आनंद जी ने कहा कि जनजातीय समागम का उद्देश्य अपनी कला और संस्कृति की पहचान बनाए रखना है। ऐसे आयोजनों से कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने कहा कि जनजातीय कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक पहचान है। बोली और भाषा हमारी पहचान हैं। उन्होंने डॉ. कार्तिक उरांव की जन्म शताब्दी पर कर्मा महोत्सव के आयोजन को जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय बताया।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद क्षेत्र में कर्मा महोत्सव का शानदार आयोजन होता है। यहां के कलाकार लखनऊ तक अपनी कला का प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। कार्यक्रम को श्रवण गोंड सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
दर्जनों टोलियों ने लिया हिस्सा
महोत्सव के संयोजक मुन्ना धांगर ने बताया कि भीखमपुर, सिलथम, दुपटिया, आदिवासी इंटर कॉलेज सहित क्षेत्र की दर्जनों टोलियों ने भाग लिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और योगदान को प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर वनवासी कल्याण आश्रम के संगठन मंत्री रवींद्र जी, रामसेवक खरवार, शिवम मिश्रा, प्रवीण जी, डॉ. अंजनी द्विवेदी, शक्ति सिंह, पूर्व विधायक तीर्थराज, श्रवण गोंड, सतीश श्रीवास्तव, ज्योति खरवार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Comments