तीन दिन से लापता बुजुर्ग का नहीं लगा सुराग, परिजन परेशान

बेटे की तहरीर पर नगराम पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी, रविवार शाम घर से बिना बताए निकले थे 65 वर्षीय शिवकुमार मिश्रा

Abhinav Shukla Picture
Published On

 ।नगराम, लखनऊ।   नगराम थाना क्षेत्र के डिघारी गांव निवासी 65 वर्षीय शिवकुमार मिश्रा तीन दिन से लापता हैं। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगने से परिजन परेशान हैं। मंगलवार को बेटे संदीप मिश्रा ने नगराम थाने पहुंचकर पिता की गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस से उनकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई।
 
परिजनों के मुताबिक, शिवकुमार मिश्रा रविवार शाम करीब चार बजे बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गए थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।
 
रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के गांवों में भी जानकारी जुटाई गई, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। तीन दिन बीतने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है।
 
परिजनों ने बताया कि लापता शिवकुमार मिश्रा की उम्र करीब 65 वर्ष, लंबाई लगभग पांच फीट और रंग गेहुँआ है। घर से निकलते समय उन्होंने लाल रंग की शर्ट, काली पैंट और पैरों में हवाई चप्पल पहन रखी थी। परिजनों ने लोगों से अपील की है कि बताए गए हुलिये का कोई बुजुर्ग दिखाई देने या उनके बारे में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल परिवार अथवा नजदीकी थाने को सूचना दें।
 
थाना प्रभारी नगराम अंजनी सिंह ने बताया कि बुजुर्ग की गुमशुदगी के संबंध में परिजनों की तहरीर मिली है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और उनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें