नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
2027 में सपा की साइकिल पंचर कर सैफई भेजेगी जनता: केशव मौर्य
डिप्टी सीएम का अखिलेश पर हमला, बोले- न राहुल गांधी देश में सत्ता में आएंगे और न अखिलेश यूपी में
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता सपा की साइकिल पंचर कर उसे सैफई भेज देगी। उन्होंने दावा किया कि न राहुल गांधी देश की सत्ता में आएंगे और न ही अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में सरकार बना पाएंगे।
केशव मौर्य ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सपा प्रमुख के सवालों पर पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को वर्ष 2012 से 2017 के बीच सपा शासनकाल में हुई गुंडागर्दी, अपराध, माफियागिरी और दंगों की भी समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार उत्तर प्रदेश में मजबूती से कायम है। उनके मुताबिक, अगले 30 वर्षों तक सपा की सत्ता में वापसी संभव नहीं है।
सपा के सनातन प्रेम को बताया ढोंग
उप मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी को रामद्रोहियों की पार्टी बताते हुए कहा कि उसका सनातन प्रेम केवल दिखावा है। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में जनता सपा को उसकी राजनीतिक हैसियत का एहसास करा देगी।
नागरिकता के मुद्दे पर अखिलेश को घेरा
केशव मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव सांसद होने के बावजूद नागरिकता और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। नागरिकता का प्रमाणपत्र गृह मंत्रालय जारी करता है, चुनाव आयोग नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर को लेकर सपा प्रमुख की बेचैनी की वजह मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों पर रोक लगना है। उन्होंने दावा किया कि घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं, इसी कारण विपक्ष इसका विरोध कर रहा है।


Comments