राजनीति
दिसंबर तक लोकार्पण के लिए तैयार हों पर्यटन की सभी स्वीकृत परियोजनाएं : जयवीर सिंह
पर्यटन मंत्री ने विभागीय कार्यों की समीक्षा कर दिए निर्देश, दीपोत्सव और देव दीपावली का आयोजन भव्य बनाने पर जोर
लखनऊ। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की स्वीकृत कार्ययोजनाओं को नवंबर तक पूरा कर दिसंबर में लोकार्पण के लिए तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं में देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दीपोत्सव-2026 और वाराणसी की देव दीपावली को भव्य एवं यादगार बनाने पर जोर दिया।
पर्यटन मंत्री बुधवार को पर्यटन भवन में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारियों को राज्य योजना के तहत शामिल परियोजनाओं के आगणन तीन दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारियों और संबंधित प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए।
.jpeg)
बैठक में उपयोगिता प्रमाण पत्रों की स्थिति और सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर आवंटित संपत्तियों से लीज रेंट की वसूली की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि रामगढ़ ताल, गोरखपुर, देवरिया और नैमिषारण्य, सीतापुर सहित कई स्थानों पर लीज रेंट बकाया नहीं है। विंध्याचल, मिर्जापुर समेत अन्य संपत्तियों से भी किराये की वसूली की जानकारी दी गई। मंत्री ने जिला महोत्सवों के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 तक उपलब्ध कराई गई धनराशि के सापेक्ष आयोजित कार्यक्रमों और उपयोगिता प्रमाण पत्रों का विवरण भी देखा।
जयवीर सिंह ने दीपोत्सव-2026 की तैयारियों और वाराणसी में देव दीपावली के आयोजन की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि आयोजन में किसी तरह की लापरवाही न हो। उन्होंने संग्रहालयों के क्यूरेशन, मूर्तियों के निर्माण एवं स्थापना तथा मंत्रिपरिषद के विचारार्थ लंबित मामलों की भी समीक्षा की। ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व के स्थलों पर लगाए जाने वाले शिलालेखों में संबंधित स्थल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, मान्यताओं और प्रचलित किंवदंतियों को शामिल करने को कहा।
.jpeg)
मंत्री ने वेबसाइट पर क्यूआर कोड लिंक करने का कार्य निर्धारित समय में पूरा करने और पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की स्थिति की भी समीक्षा की। भारत सरकार की संभावित योजनाओं तथा राही पर्यटक आवास गृहों को प्रबंधकीय संविदा पर संचालित करने की प्रगति पर चर्चा करते हुए उन्होंने लंबित परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात, संस्कृति निदेशक संजय कुमार सिंह, पर्यटन निदेशक मृदुल चौधरी, विशेष सचिव संस्कृति दीपा रंजन, पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक आशीष कुमार, पर्यटन सलाहकार जे.पी. सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Comments