राजनीति
हर घर सौर ऊर्जा के संकल्प को साकार करता उत्तर प्रदेश
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत 2,942 मेगावाट से अधिक क्षमता विकसित, लखनऊ देश में पहले स्थान पर
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना ने नया कीर्तिमान रचा है। प्रदेश में 8.76 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर प्लांट लगाकर उत्तर प्रदेश देश में नंबर एक बना है। उत्तर प्रदेश आज विकास के हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा है। मा. मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में ऐसी ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, जिसने प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की कतार में सबसे आगे खड़ा कर दिया है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश में 8,76,500 से अधिक रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित हो चुके हैं और इंस्टॉलेशन की संख्या के मामले में प्रदेश ने गुजरात को पीछे छोड़ते हुए देश में प्रथम स्थान हासिल किया है।
यह उपलब्धि केवल आंकड़ों की सफलता नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की उस विकास नीति का परिणाम है, जिसमें आधुनिक तकनीक, स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आमजन की आर्थिक सुविधा को एक साथ प्राथमिकता दी जा रही है। उत्तर प्रदेश ने सौर ऊर्जा को केवल बिजली उत्पादन का माध्यम न मानकर इसे ऊर्जा आत्मनिर्भरता, रोजगार सृजन और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए एक व्यापक जनअभियान का रूप दिया है।
मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने देश के प्रत्येक परिवार को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने इस संकल्प को उत्तर प्रदेश में मिशन मोड पर लागू कराने के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा और गति प्रदान की। ऊर्जा विभाग, यूपीनेडा, विद्युत वितरण निगमों, बैंकिंग संस्थानों और अधिकृत वेंडर्स के समन्वित प्रयासों के साथ योजना को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया गया। जिला स्तर पर नियमित समीक्षा, बैंकिंग प्रक्रिया में तेजी, मीटरिंग की निगरानी तथा लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण ने योजना की रफ्तार को आगे बढ़ाया।
उत्तर प्रदेश की इस सफलता का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि अब सौर ऊर्जा प्रदेश के लाखों परिवारों के जीवन का हिस्सा बन रही है। प्रदेश में 2,942 मेगावाट से अधिक रूफटॉप सोलर क्षमता स्थापित हो चुकी है। इससे प्रतिदिन 1.32 करोड़ यूनिट से अधिक स्वच्छ बिजली उत्पादन की क्षमता विकसित हुई है। रूफटॉप सोलर के माध्यम से परिवारों के बिजली खर्च में कमी आ रही है और वे ऊर्जा उत्पादन में उपभोक्ता के साथ-साथ भागीदार भी बन रहे हैं। इस प्रकार ‘बिजली लेने वाले घर’ अब ‘बिजली बनाने वाले घर’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में सौर ऊर्जा के विस्तार का प्रभाव पर्यावरण संरक्षण पर भी दिखाई दे रहा है। रूफटॉप सोलर के माध्यम से लगभग 11,700 एकड़ भूमि के बराबर भू-आवश्यकता से बचाव हुआ है। साथ ही प्रतिवर्ष 34 लाख टन से अधिक कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी का अनुमान है। यह पर्यावरणीय लाभ लगभग 15 करोड़ से अधिक पेड़ों द्वारा एक वर्ष में अवशोषित किए जाने वाले कार्बन के बराबर है। उत्तर प्रदेश का सौर ऊर्जा मॉडल विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी मजबूत उदाहरण बन रहा है।
सौर ऊर्जा अभियान ने प्रदेश में रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा किए हैं। यूपीनेडा द्वारा 8,000 से अधिक वेंडर्स को इम्पैनल किया गया है, जिससे सौर ऊर्जा क्षेत्र में एक लाख से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, जेवर, दादरी, मथुरा और गाजियाबाद सहित प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में सोलर मैन्युफैक्चरिंग और इससे जुड़े उद्योगों का इकोसिस्टम तेजी से विकसित हो रहा है। इससे उत्तर प्रदेश में ग्रीन जॉब्स और स्वच्छ ऊर्जा आधारित अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल रही है।
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की सफलता का असर जनपदों के प्रदर्शन में भी स्पष्ट दिखाई देता है। प्रदेश के 15 जनपद देश के टॉप-100 में शामिल हैं। लखनऊ ने देश में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश की क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया है, जबकि वाराणसी भी शीर्ष जनपदों में शामिल है। केंद्रीय एवं राज्य सब्सिडी के माध्यम से रू0 7,700 करोड़ से अधिक की वित्तीय सहायता ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रूफटॉप सोलर अपनाने का रास्ता आसान बनाया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की यह उपलब्धि देश के ऊर्जा क्षेत्र में बदलती तस्वीर का संकेत है। जिस प्रदेश की पहचान कभी ऊर्जा की बढ़ती मांग और चुनौतियों से जुड़ी थी, वही उत्तर प्रदेश आज स्वच्छ ऊर्जा के उत्पादन और उपयोग में देश को दिशा देने की क्षमता प्रदर्शित कर रहा है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में नंबर एक बनना इस परिवर्तन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उत्तर प्रदेश की यह सफलता प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ, आत्मनिर्भर और हरित भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के सुशासन, विकास और जनकल्याण के मॉडल का परिणाम है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश अब केवल अधिक बिजली उपलब्ध कराने वाला राज्य नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा के माध्यम से आत्मनिर्भर भविष्य की नींव रखने वाला राज्य बन रहा है। ‘हर घर सौर ऊर्जा’ का संकल्प अब उत्तर प्रदेश के लाखों घरों की छतों पर दिखाई दे रहा है और यही बदलता उत्तर प्रदेश, विकसित उत्तर प्रदेश की तस्वीर को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है।
प्रवीण मालवीय, सूचना अधिकारी


Comments