किसानों और महिलाओं के लिए जल्द आएगा विशेष पैकेज : योगी

तीन करोड़ किसान परिवारों को राहत देने की तैयारी, महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन पर भी सरकार का जोर; मंडियों और श्रमिक अड्डों पर खुलेंगे अन्नपूर्णा भोजनालय

हर्षिता यादव  Picture
Published On

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों और महिलाओं के लिए जल्द ही विशेष पैकेज लाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा दिया जा रहा है। किसानों के लिए प्रस्तावित राहत पैकेज से प्रदेश के करीब तीन करोड़ किसान परिवारों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है। वहीं, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी सरकार अलग से विशेष पैकेज लाएगी।

मुख्यमंत्री ने किसानों और श्रमिकों को सस्ता एवं सम्मानजनक भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश की प्रमुख मंडियों और श्रमिक अड्डों पर अन्नपूर्णा भोजनालय शुरू करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि मंडियों में उपज लेकर आने वाले किसानों और निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को टोकन राशि देकर भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री मंगलवार को दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरित करने के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी का लाभ देने की पहल की। मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी सौंपे।

तीन करोड़ किसान परिवारों को राहत देने की तैयारी

चरित्र सत्यापन के इंतजार में नहीं अटकेगी सरकारी नौकरी, 30 दिन में देनी होगी रिपोर्ट Read More चरित्र सत्यापन के इंतजार में नहीं अटकेगी सरकारी नौकरी, 30 दिन में देनी होगी रिपोर्ट

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, अल नीनो और असमय चक्रवात जैसी परिस्थितियों के कारण किसानों को अतिवृष्टि, अनावृष्टि और ओलावृष्टि की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। हाल के दिनों में बारिश, आंधी और तूफान से खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। सरकार प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही किसानों के लिए अलग से राहत पैकेज लाया जाएगा, जिससे प्रदेश के तीन करोड़ किसान परिवारों को लाभ मिलेगा।

लोक शिकायत अधिनियम से सुनीता देवी को मिला न्याय, सरकारी सड़क की जमीन हुई अतिक्रमण मुक्त Read More लोक शिकायत अधिनियम से सुनीता देवी को मिला न्याय, सरकारी सड़क की जमीन हुई अतिक्रमण मुक्त

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष पैकेज

सरदार पटेल की जयंती पर तुगलकाबाद में आयोजित हुई एकता दौड़, युवाओं ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा Read More सरदार पटेल की जयंती पर तुगलकाबाद में आयोजित हुई एकता दौड़, युवाओं ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

मुख्यमंत्री ने माताओं और बहनों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी सुरक्षा और सम्मान के साथ आर्थिक स्वावलंबन के लिए भी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जल्द ही विशेष पैकेज घोषित किया जाएगा। महिलाओं को अपने रोजगार और व्यवसाय की योजना तैयार रखनी चाहिए। सरकार उन्हें आगे बढ़ने में सहयोग देगी।

उन्होंने लखपति दीदी और बीसी सखी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। उद्योगों में महिलाएं रात्रि पाली में भी काम कर रही हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रसोइयों, ग्राम चौकीदारों और पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि की गई है। अन्य वर्गों के मानदेय में बढ़ोतरी की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

मंडियों और श्रमिक अड्डों पर खुलेंगे अन्नपूर्णा भोजनालय

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडियों में अपनी उपज लेकर आने वाले किसानों को भोजन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। प्रमुख मंडियों में अन्नपूर्णा भोजनालय शुरू किए जाएंगे, जहां किसान टोकन राशि देकर सम्मानपूर्वक भोजन कर सकेंगे। इसी तरह निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए विकसित किए जा रहे श्रमिक अड्डों पर भी सस्ते भोजन की व्यवस्था की जाएगी। सरकार का उद्देश्य है कि किसानों और श्रमिकों को बुनियादी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हों।

उज्ज्वला के 1.89 करोड़ परिवारों को दीपावली का उपहार

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को दीपावली पर सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 983.45 रुपये है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 335.40 रुपये की सब्सिडी मिलती है, जबकि शेष 648.55 रुपये लाभार्थी को देने पड़ते हैं। राज्य सरकार ने इस अवसर पर लाभार्थियों की ओर से यह राशि संबंधित गैस कंपनियों को उपलब्ध कराई है। इससे पात्र परिवारों को सिलेंडर लेने के लिए अपनी ओर से भुगतान नहीं करना होगा और करीब 650 रुपये की बचत होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बचत से गरीब परिवार त्योहार के लिए मिठाई और दीपक जैसी जरूरी चीजें खरीद सकेंगे। प्रदेश सरकार इस अभियान पर करीब 1,500 करोड़ रुपये से अधिक खर्च कर रही है।

गैस कनेक्शन के नाम पर होने वाली वसूली पर लगाया अंकुश : सीएम

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2014 से पहले की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय रसोई गैस कनेक्शन लेना आसान नहीं था। लोगों को कनेक्शन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था और कई जगह 25 हजार से 50 हजार रुपये तक की अवैध वसूली की शिकायतें सामने आती थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक मई 2016 को उत्तर प्रदेश के बलिया से उज्ज्वला योजना की शुरुआत कर गरीब परिवारों की महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने का अभियान शुरू किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए और सब्सिडी सीधे बैंक खातों में भेजने की व्यवस्था की गई। उनके अनुसार, यही सुशासन है, जिसमें सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव पात्र लोगों तक पहुंचता है।

2017 से पहले दंगे-कर्फ्यू, अब बाजारों में रौनक : योगी

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था और वर्तमान स्थिति की तुलना करते हुए कहा कि पहले त्योहारों के दौरान दंगे, कर्फ्यू और अराजकता की घटनाएं होती थीं। व्यापारियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता रहती थी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण बेहतर होने से बाजारों में रौनक लौटी है और लोग उत्साह के साथ त्योहार मना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों को रसोई गैस, बिजली, सड़क, पेयजल, उपचार और आवास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार कर रही है। श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए अटल आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।

आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश से विकसित भारत का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता से परिवार और समाज मजबूत होंगे। आधी आबादी आत्मनिर्भर बनेगी तो उत्तर प्रदेश भी आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना जरूरी है। सरकार आने वाले समय में जनकल्याणकारी योजनाओं की नई श्रृंखला शुरू करेगी, जिससे लोगों को सम्मान और खुशहाली के साथ आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय, राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल और रामचंद्र प्रधान सहित विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को सौंपे प्रतीकात्मक चेक

दीपावली पर उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश के 1.89 करोड़ लाभार्थी परिवारों को सिलेंडर रिफिल सब्सिडी उपलब्ध कराने के अभियान का मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने शांति, स्वाति शर्मा, तबस्सुम जैदी, आशा गुप्ता, किरण, सबा, बबली रावत, कुशमा, मानसी और राबिया बानो सहित लाभार्थियों को सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक सौंपे।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें