वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह में ग्रामीणों को मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव की जानकारी

रनसाली वन क्षेत्र में गोष्ठी आयोजित, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति किया जागरूक

Abhinav Shukla Picture
Published On

सितारगंज। वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के तहत सोमवार को रनसाली वन क्षेत्र में वन विभाग की ओर से जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और वन विभाग के कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने, वन्यजीवों से सुरक्षित रहने तथा जंगल और वन्यजीवों के संरक्षण के संबंध में लोगों को विस्तार से जानकारी दी गई। वन विभाग ने ग्रामीणों से वन्यजीव संरक्षण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
 
गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि वन्यजीव पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जंगल और वन्यजीवों का संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें स्थानीय ग्रामीणों और आम लोगों की भागीदारी भी आवश्यक है। जंगल से सटे क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही के दौरान सावधानी बरतकर मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
 
ग्रामीणों को बताया गया कि जंगल अथवा आबादी के आसपास वन्यजीव दिखाई देने पर घबराने के बजाय इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी जानी चाहिए। वन्यजीवों को देखने के लिए भीड़ एकत्र करना, उनका पीछा करना, उन्हें उकसाना अथवा उनके नजदीक जाने का प्रयास करना खतरनाक हो सकता है। ऐसी स्थिति में सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए वन विभाग की टीम को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई में सहयोग करना चाहिए।
 
वन विभाग के कर्मचारियों ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करने में ग्रामीणों की जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है। किसी भी वन्यजीव की मौजूदगी अथवा असामान्य गतिविधि की जानकारी समय पर मिलने से विभाग आवश्यक कदम उठा सकता है। इसके लिए वन विभाग और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना जरूरी है।
 
कार्यक्रम में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिचवा के प्रधानाचार्य वीरेश चौहान, अध्यापक हरिशचंद्र पुरी, हरीश चंद्र, भ्रतम रस्तोगी, संतोष पंत, राकेश कुमार यादव, नरेश चंद्र जोशी, प्रेमवती, वन विभाग के गणेश पलड़िया (वन बीट अधिकारी, हंसपुर दक्षिणी), अमर सिंह, अर्जुन सिंह, बग्गा सिंह और भजन सिंह सहित ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें