मंधना स्टेशन बनेगा बड़ा टर्मिनल! एलिवेटेड कॉरिडोर से पहले पार्किंग-ट्रांसपोर्ट की तैयारी तेज

नवंबर-दिसंबर से शुरू हो सकता है एलिवेटेड कॉरिडोर का काम, डीएम ने संयुक्त समिति गठित कर रविवार को सर्वे के दिए निर्देश

Abhinav Shukla Picture
Published On

कानपुर। कानपुर अनवरगंज से मंधना तक प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण के बाद मंधना रेलवे स्टेशन के इस रेलखंड का अंतिम टर्मिनल बनने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्टेशन पर बढ़ने वाली संभावित यात्री संख्या के मद्देनजर पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, यातायात और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने पर मंथन हुआ।
 
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण नवंबर-दिसंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है। परियोजना पूरी होने के बाद मंधना स्टेशन पर यात्रियों का दबाव बढ़ सकता है। इसे देखते हुए डीएम ने स्टेशन के बाहर उपलब्ध स्थानों का चिन्हांकन कर व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए हैं।
 
रविवार को होगा संयुक्त सर्वे
 
डीएम ने खंड विकास अधिकारी कल्याणपुर संदीप कुमार (आईएएस) की अध्यक्षता में रेलवे, एनएचएआई और ट्रैफिक विभाग की संयुक्त समिति गठित की है। समिति रविवार को मंधना क्षेत्र का संयुक्त सर्वे कर पार्किंग और यातायात व्यवस्था के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करेगी और अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी।
 
स्टेशन से कानपुर नगर और अन्य प्रमुख क्षेत्रों तक यात्रियों को सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए भी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
 
फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग की संभावना
 
बैठक में फ्लाईओवर के नीचे उपलब्ध उपयुक्त स्थान को वाहनों की पार्किंग के रूप में विकसित करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा स्टेशन के बाहर सिविल क्षेत्र में नालों की सफाई, जरूरत के अनुसार नालों को कवर्ड कराने और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।
 
कल्याणपुर-रावतपुर क्षेत्र की सफाई पर भी जोर
 
डीएम ने कल्याणपुर से रावतपुर रेलवे स्टेशन के बीच स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। संबंधित जोनल अधिकारी को दो दिन में सर्वे रिपोर्ट देने तथा नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने को कहा गया। रेलवे अधिकारियों को ट्रैक और आसपास के क्षेत्र की नियमित निगरानी व सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
 
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, डीसीपी ट्रैफिक, एडीएम सिटी सौरभ सिंह, पीडी एनएचएआई तथा रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें