नवीनतम
फीचर्ड
भारत
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 25 नवंबर से, तीन पालियों में होगी परीक्षा
तीन वर्षीय पाठ्यक्रम की परीक्षाएं 25 नवंबर तथा चार वर्षीय एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की परीक्षाएं 1 दिसंबर से होंगी प्रारंभ; तीन घंटे के प्रश्नपत्रों की अवधि घटाकर की गई दो घंटे
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु, सिद्धार्थनगर एवं उससे संबद्ध महाविद्यालयों की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं आगामी 25 नवंबर 2026 से प्रारंभ होंगी। यह जानकारी देते हुए परीक्षा नियंत्रक दीनानाथ यादव ने बताया कि कुलपति प्रोफेसर कविता शाह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में परीक्षा की समय-सारणी एवं परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दिया गया है। तीन वर्षीय पाठ्यक्रम (एनएपी2020)के अंतर्गत संचालित परीक्षाएं 25 नवंबर से तथा चार वर्षीय पाठ्यक्रम (एनएपी2020 समर्थ पोर्टल) एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की परीक्षाएं 1 दिसंबर 2026 से प्रारंभ होंगी। इस बार परीक्षाएं तीन पालियों में संपन्न कराई जाएंगी। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से संबद्ध छः जिलों—सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, बस्ती, महाराजगंज, बलरामपुर एवं श्रावस्ती के महाविद्यालयों के परीक्षार्थी इन परीक्षाओं में सम्मिलित होंगे। विश्वविद्यालय ने इस बार कुल 234 महाविद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया है।
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि इस बार परीक्षा व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। तीन घंटे की अवधि वाले विस्तृत उत्तरीय एवं वर्णनात्मक प्रश्नपत्रों की परीक्षा अवधि घटाकर दो घंटे कर दी गई है। साथ ही प्रश्नों के उत्तर देने के लिए निर्धारित शब्दों की संख्या में भी कमी की गई है, ताकि विद्यार्थी निर्धारित दो घंटे की अवधि में सभी प्रश्नों के उत्तर सहजता और सुव्यवस्थित ढंग से दे सकें। उन्होंने बताया कि शासन स्तर से लगातार यह निर्देश प्राप्त हो रहे थे कि परीक्षा एवं मूल्यांकन की प्रक्रिया को कम से कम समय में पूरा किया जाए, जिससे शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप अधिक से अधिक समय कक्षाओं के संचालन एवं शिक्षण कार्य के लिए उपलब्ध हो सके। इसी उद्देश्य से विश्वविद्यालय ने परीक्षा अवधि एवं उत्तरों की शब्द सीमा में यह परिवर्तन किया है।
कुलपति प्रोफेसर कविता शाह ने सिद्धार्थ विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों के समस्त परीक्षार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे परीक्षा के दबाव से मुक्त होकर आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में सम्मिलित हों। उन्होंने कहा कि परीक्षा विद्यार्थी जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। पूरे सेमेस्टर के दौरान अर्जित ज्ञान, अध्ययन एवं परिश्रम को परीक्षा के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर मिलता है। इसलिए विद्यार्थियों को पूरी सतर्कता, सजगता एवं अपनी क्षमताओं के अनुरूप सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का प्रयास करना चाहिए। परीक्षा को तनाव अथवा दबाव के रूप में लेने के बजाय इसे अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और जीवन में आगे बढ़ने के एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में स्वीकार करना चाहिए।
कुलपति ने सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों को निर्देधित किया है कि परीक्षाओं का संचालन पूर्णतः नकलविहीन, पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण वातावरण में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, डेस्क-बेंच सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
siddharthnagar news Siddharth University Higher Education News Uttar Pradesh Education News #SwatantraPrabhat Exam Preparation Examination Centre Professor Kavita Shah University Examination 2026 Semester Exams 2026 UP University Exams Siddharth University Exam Date November 2026 Exams December 2026 Exams Odd Semester Examination College Examination Exam Time Table 234 Examination Centres NAP 2020 Undergraduate Exams Postgraduate Exams Controller of Examination Deanath Yadav Examination Guidelines Student News


Comments