प्रतियोगी छात्रा को बदनाम करने का आरोप, पुलिसकर्मी पर केस दर्ज

प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एक छात्रा ने यूपी पुलिस के एक सिपाही पर गंभीर आरोप लगाए हैं

Abhinav Shukla Picture
Published On

प्रयागराज। प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एक छात्रा ने यूपी पुलिस के एक सिपाही पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का आरोप है कि सिपाही ने पहले शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाए और बाद में उसे तथा उसके परिवार को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। मामले में कैंट पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 
पीड़िता मूलरूप से हमीरपुर जिले की रहने वाली है और प्रयागराज के राजापुर इलाके में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती है। उसके भाई के मुताबिक, आरोपी सिपाही की तैनाती बांदा में थी और वह जालौन का रहने वाला है। आरोप है कि सिपाही करीब दो साल से पीड़िता के संपर्क में था और उसके भाई का दोस्त होने के कारण घर भी आता-जाता था।
 
पीड़िता के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद 5 अगस्त को उसे गर्भवती होने की जानकारी मिली। छात्रा का आरोप है कि इसकी जानकारी देने पर आरोपी ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। परेशान होकर उसने 8 अगस्त को उरई कोतवाली में शिकायत की। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद आरोपी उसे अपने साथ ले गया और अस्पताल में जांच कराई। आरोप है कि बाद में उसने उसे घर ले जाकर छोड़ दिया।
 
इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर बांदा नगर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पीड़िता के भाई के अनुसार, मुकदमे के बाद आरोपी और उससे जुड़े कुछ लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए परेशान करना शुरू कर दिया।
 
व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर बदनाम करने का आरोप
 
पीड़िता के भाई का आरोप है कि आरोपी ने 'I Love You...' नाम से एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया, जिसमें कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो डाले गए। इसके अलावा पीड़िता की बहन के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर भी आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और रिकॉर्डिंग पोस्ट करने का आरोप है। आरोप है कि ग्रुप में परिवार और गांव के लोगों को भी जोड़कर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई।
 
पीड़िता ने पुलिस से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। कैंट पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि और पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें