15 दिनों में 1.63 करोड़ के एल्यूमिनियम चोरी का खुलासा, महाराष्ट्र से दो गिरफ्तार
34.850 टन चोरी का एल्यूमिनियम और परिवहन में प्रयुक्त ट्रक बरामद
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सोनभद्र। पिपरी पुलिस ने करीब 1.63 करोड़ रुपये मूल्य के 34.850 टन एल्यूमिनियम चोरी के मामले का महज 15 दिनों में खुलासा करते हुए महाराष्ट्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए एल्यूमिनियम की शत-प्रतिशत बरामदगी के साथ परिवहन में प्रयुक्त ट्रक भी कब्जे में लिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पिपरी थाने में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान प्रकाश में आए आरोपियों सचिन अशोक शेलके (26) और नवनाथ अशोक शेलके (25), निवासी पर्सागांव, मालेगांव, जनपद नासिक, महाराष्ट्र को 24 नवंबर को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद 25 नवंबर को सोनभद्र लाया गया। पुलिस के अनुसार चोरी किए गए 34.850 टन एल्यूमिनियम, जिसकी अनुमानित कीमत 1.63 करोड़ रुपये है, को ट्रक सहित बरामद कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में पिपरी थानाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक नवनीत कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक अनिल तिवारी, हेड कांस्टेबल शेषनाथ पाण्डेय सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।


Comments