फीचर्ड
राजनीति
पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, चार अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
सीओ पिपरी और दुद्धी समेत शक्तिनगर-अनपरा के थाना प्रभारी बदले
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सोनभद्र। जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में फेरबदल करते हुए दो क्षेत्राधिकारी, एक निरीक्षक और एक उपनिरीक्षक सहित कुल चार अधिकारियों की नवीन तैनाती की गई है। वहीं, गैर जनपद स्थानांतरण के चलते दो निरीक्षकों को कार्यमुक्त किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी को क्षेत्राधिकारी पिपरी बनाया गया है। उनके क्षेत्राधिकार में पिपरी, अनपरा और शक्तिनगर थाने शामिल होंगे। इसके साथ ही उन्हें साइबर थाना/साइबर सेल, पुलिस आधुनिकीकरण और सामुदायिक पुलिसिंग का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।

वहीं, पुलिस उपाधीक्षक अजय सिंह चौहान को क्षेत्राधिकारी दुद्धी नियुक्त किया गया है। उनके क्षेत्राधिकार में दुद्धी, विंढमगंज, म्योरपुर, बभनी और बीजपुर थाने शामिल रहेंगे।
इसी क्रम में आईजीआरएस/जनसुनवाई सेल के प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना शक्तिनगर बनाया गया है। जबकि पुलिस अधीक्षक के पीआरओ उपनिरीक्षक अतुल कुमार प्रजापति को थानाध्यक्ष अनपरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा गैर जनपद स्थानांतरण के फलस्वरूप निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय (थाना शक्तिनगर) और निरीक्षक राजेश जी चौबे (थानाध्यक्ष अनपरा) को कार्यमुक्त कर दिया गया है। पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल के तहत क्षेत्राधिकारी स्तर से लेकर थाना स्तर तक नई जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।


Comments