नवीनतम
राजनीति
भारत
गुरु पर्व पर नगर कीर्तन की तैयारियों का महापौर और निगम आयुक्त ने लिया जायजा
सीसगंज गुरुद्वारे से फतेहपुरी चौक तक सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण, कमियों को दूर करने के दिए निर्देश
स्वतंत्र प्रभात विशेष संवाददाता
नई दिल्ली।
गुरु पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले नगर कीर्तन को लेकर दिल्ली नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 23 नवंबर को दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही और निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने गुरुद्वारा सीसगंज साहिब से फतेहपुरी चौक तक नगर कीर्तन मार्ग का निरीक्षण कर सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुरानी दिल्ली क्षेत्र की उपायुक्त कनिका सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान महापौर और निगम आयुक्त ने मार्ग पर सफाई, कचरा उठाने और अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति देखी। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर कीर्तन मार्ग पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जहां भी छोटी-मोटी कमियां दिखाई दें, उन्हें तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि गुरु पर्व आस्था और श्रद्धा के साथ दिल्ली की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं, इसलिए मार्ग पर स्वच्छता और आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया और कुछ कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि निगम अधिकारी समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करेंगे, जिससे नगर कीर्तन का आयोजन सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके। निरीक्षण के बाद महापौर प्रवेश वाही और निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने गुरुद्वारा सीसगंज साहिब में माथा टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने दिल्लीवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
swatantra prabhat delhi news Religious Procession Municipal Commissioner #SwatantraPrabhat Delhi Mayor Delhi Municipal Corporation Cleanliness Arrangements MCD News Guru Nanak Jayanti Mayor Pravesh Wahi Guru Parv 2026 Nagar Kirtan Delhi Nagar Kirtan Sanjeev Khirwar Gurudwara Sis Ganj Sahib Fatehpuri Chowk Old Delhi News Nagar Kirtan Preparation Delhi Cleanliness Drive MCD Sanitation Delhi Civic Administration Sikh Festival Guru Parv Celebration Delhi Traffic and Cleanliness


Comments