नवीनतम
फीचर्ड
भारत
सोनभद्र में खाद की पर्याप्त उपलब्धता, किसानों को संतुलित उर्वरक प्रयोग के लिए किया जा रहा जागरूक
धरती माता बचाओ अभियान’ के तहत किसानों को किया जा रहा प्रेरित, निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सोनभद्र, उत्तर प्रदेश।
जनपद में किसानों के लिए राहत की खबर है। जिले की सभी तहसीलों में स्थित निजी एवं सहकारी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। किसान अपनी भूमि की खतौनी, फार्मर आईडी एवं पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से निर्धारित दर पर आवश्यकतानुसार उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी, सोनभद्र ने जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जनपद के समस्त कृषक बंधुओं को अवगत कराया है कि जिले के सभी तहसीलों में स्थित फुटकर उर्वरक बिक्री केंद्रों (निजी एवं सहकारी क्षेत्र) पर बुवाई एवं कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। किसान अपने नजदीकी उर्वरक बिक्री केंद्र से आवश्यकतानुसार खाद प्राप्त कर सकते हैं।
किसानों द्वारा उर्वरकों के अंधाधुंध एवं अत्यधिक प्रयोग को नियंत्रित करने, औद्योगिक इकाइयों में अवैध परिसंचलन, कालाबाजारी, ओवर रेटिंग एवं तस्करी रोकने तथा मृदा स्वास्थ्य में अनुकूल परिवर्तन लाने के उद्देश्य से जनपद में **‘धरती माता बचाओ अभियान’** की शुरुआत की जा रही है। इसके तहत ग्राम स्तरीय, तहसील स्तरीय एवं जनपद स्तरीय उर्वरक निगरानी समितियों के माध्यम से प्रतिदिन किसानों को जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत किसानों को अपने खेत की मिट्टी की स्थिति में सुधार लाने के लिए रासायनिक उर्वरकों का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा यूरिया, डीएपी एवं एनपीके का संतुलित प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही यूरिया एवं डीएपी के विकल्प के रूप में जैव उर्वरक, नैनो यूरिया, नैनो डीएपी एवं जैविक उर्वरकों के उपयोग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
तहसीलवार उपलब्ध है उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक
जिला कृषि अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार तहसील राबर्ट्सगंज में निजी क्षेत्र की 226 दुकानों पर 5036 मीट्रिक टन यूरिया, 174 दुकानों पर 1281 मीट्रिक टन डीएपी तथा 127 दुकानों पर 624 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। वहीं सहकारी क्षेत्र में 21 दुकानों पर 393 मीट्रिक टन यूरिया, 21 दुकानों पर 184 मीट्रिक टन डीएपी तथा 04 दुकानों पर 21 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है।
इसी प्रकार तहसील घोरावल में निजी क्षेत्र की 124 दुकानों पर 2529 मीट्रिक टन यूरिया, 98 दुकानों पर 681 मीट्रिक टन डीएपी तथा 81 दुकानों पर 398 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। सहकारी क्षेत्र में 22 दुकानों पर 384 मीट्रिक टन यूरिया, 20 दुकानों पर 93 मीट्रिक टन डीएपी तथा 10 दुकानों पर 107 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है।
तहसील ओबरा/दुद्धी में निजी क्षेत्र की 42 दुकानों पर 1204 मीट्रिक टन यूरिया, 27 दुकानों पर 261 मीट्रिक टन डीएपी तथा 24 दुकानों पर 93 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। वहीं सहकारी क्षेत्र में 27 दुकानों पर 494 मीट्रिक टन यूरिया, 23 दुकानों पर 195 मीट्रिक टन डीएपी तथा 04 दुकानों पर 25.50 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है।
जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के समस्त कृषक बंधुओं से अपील की है कि वे अपनी फसल एवं खेत की मिट्टी की आवश्यकता के अनुसार ही संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करें तथा निर्धारित दर पर ही खाद खरीदें। उर्वरकों के अनावश्यक एवं अत्यधिक प्रयोग से बचें और मृदा स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए जैविक एवं जैव उर्वरकों के प्रयोग को भी बढ़ावा दें।


Comments