उड़ान उत्तराखंड वॉलीबाल प्रतियोगिता का समापन, गऊघाट और बरुआबाग ने जीते खिताब
पुरुष वर्ग में गऊघाट ने गगनपुर को 3-0 से हराया, महिला वर्ग में बरुआबाग ने नकुलिया-लौका को 2-1 से दी शिकस्त 55 टीमों ने प्रतियोगिता में लिया हिस्सा, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और सांसद अजय भट्ट ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
सितारगंज।(दीपक भारद्वाज) ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित 'उड़ान उत्तराखंड' वॉलीबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला गुरुवार को रोमांच और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में गऊघाट की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गगनपुर की टीम को सीधे तीन सेटों में 3-0 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं महिला वर्ग में बरुआबाग की टीम ने कड़े संघर्ष के बाद नकुलिया-लौका की टीम को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
गुरुवार को गांव नकुलिया स्थित लौका मैदान में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ी। मैदान में सुबह से ही खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। फाइनल मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में गऊघाट और गगनपुर की टीमें आमने-सामने थीं। मुकाबले की शुरुआत से ही गऊघाट के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। टीम के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और शानदार खेल कौशल का परिचय देते हुए लगातार तीनों सेट अपने नाम किए। गगनपुर की टीम ने वापसी का प्रयास किया, लेकिन गऊघाट के खिलाड़ियों के सामने उनकी एक नहीं चली। इस तरह गऊघाट ने 3-0 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब हासिल किया।
महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। बरुआबाग और नकुलिया-लौका की टीमों के बीच शुरुआत से ही कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। मुकाबले में कई बार दोनों टीमों के बीच अंक हासिल करने को लेकर जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। आखिरकार बरुआबाग की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 2-1 से मुकाबला जीत लिया और महिला वर्ग की विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सितारगंज विधायक सौरभ बहुगुणा तथा सांसद अजय भट्ट ने विजेता टीमों के खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उनमें खेल के प्रति रुचि भी बढ़ती है।
बताते चलें कि प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 47 और महिला वर्ग की आठ टीमों समेत कुल 55 टीमों ने प्रतिभाग किया। इतनी बड़ी संख्या में टीमों की भागीदारी ने प्रतियोगिता को खास बना दिया। कई दिनों तक चले इस आयोजन में विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों की टीमों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों और युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई थी। उन्होंने कहा था कि आज की युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाना बेहद जरूरी है। इसके लिए युवाओं को खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना होगा। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं।
इसी सोच के साथ तीन वर्ष पूर्व 'उड़ान उत्तराखंड' मुहिम की शुरुआत की गई थी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना और युवाओं को नशे से दूर रखते हुए स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से गांव-गांव के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
समापन समारोह में दर्जा मंत्री संजय बाछाड़, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, पालिकाध्यक्ष सुखदेव सिंह, आदेश ठाकुर, योगेंद्र सिंह रावत, मयंक अग्रवाल, दीपक गुप्ता, ग्राम प्रधान वीरेंद्र सिंह राणा, हिमांशु राणा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, आयोजक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
#HindiNews #SwatantraPrabhat #SportsNews #WomenSports #SportsCompetition #SportsDevelopment #RuralSports #VolleyballTournament #Sitarganj #UttarakhandNews #UttarakhandSports #SaurabhBahuguna #UttarakhandGovernment #YouthEmpowerment #AjayBhatt \#UdaanUttarakhand #VolleyballChampionship #GaunghatTeam #BaruabaghTeam #Gaganpur #NakuliaLauka #VolleyballFinal #DrugFreeUttarakhand #SayNoToDrugs #RuralTalent


Comments