बाल मेले में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा,  हस्तकला और विज्ञान मॉडलों ने मोहा मन

नकुलिया के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में हुआ भव्य बाल मेले का आयोजन, विद्यार्थियों ने लगाए व्यंजनों के स्टॉल मिकी माउस, झूलों और विभिन्न गतिविधियों ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह,

Abhinav Shukla Picture
Published On

सितारगंज। नकुलिया क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मकता, हुनर और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बच्चों के मनोरंजन के साथ-साथ उनकी कला, विज्ञान और व्यावहारिक ज्ञान को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। मेले में बड़ी संख्या में अभिभावकों, ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों ने पहुंचकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
 
बाल मेले में विद्यार्थियों द्वारा शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर चाऊमीन, चाट, पकौड़ी सहित कई प्रकार के व्यंजन उपलब्ध रहे। बच्चों ने स्वयं इन स्टॉलों के संचालन में रुचि दिखाई। मेले में पहुंचे लोगों ने व्यंजनों का आनंद लिया और बच्चों के प्रयासों की सराहना की। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान के साथ ही आपसी सहयोग, जिम्मेदारी और प्रबंधन की सीख भी मिली।
 
मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए मिकी माउस और जंपिंग झूले की व्यवस्था की गई थी। इन मनोरंजन साधनों का बच्चों ने खूब आनंद उठाया। पूरे विद्यालय परिसर में दिनभर चहल-पहल और उत्साह का माहौल बना रहा।
 
बाल मेले का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई हस्तकला, पेंटिंग और विज्ञान प्रदर्शनी रही। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच के आधार पर आकर्षक हस्तशिल्प, रंग-बिरंगी पेंटिंग और विभिन्न विज्ञान मॉडल तैयार किए थे। प्रदर्शनी में बच्चों की मेहनत और उनकी प्रतिभा साफ दिखाई दी। अभिभावकों एवं अन्य आगंतुकों ने प्रत्येक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से उनके बनाए मॉडलों के बारे में जानकारी ली। लोगों ने बच्चों की कला और रचनात्मकता की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
 
इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका श्रीमती गीता आर्य ने कहा कि बाल मेले का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है। इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, सहयोग की भावना और व्यावहारिक ज्ञान का विकास होता है। उन्होंने मेले को सफल बनाने में सहयोग करने वाले शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
 
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक करुणेश जोशी, प्रधानाध्यापक बसंत कुमार सेन, सहायक अध्यापक सुरेश राणा, सहायक खंड विकास अधिकारी देशराज, ग्राम प्रधान वीरेंद्र राणा, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भीष्म नारायण विद्रोही सहित अनेक गणमान्य लोग एवं अभिभावक मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें