नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए योगी सरकार ने जारी किए चार डिजिटल गाइड वीडियो
स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, डिजिटल पुस्तकालय और आईएफपी पैनल के उपयोग की मिलेगी जानकारी; दैनिक इस्तेमाल अनिवार्य करने के निर्देश
लखनऊ। प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में डिजिटल संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार ने चार मार्गदर्शी वीडियो जारी किए हैं। इनके माध्यम से शिक्षकों को स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, डिजिटल पुस्तकालय और इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल (आईएफपी) के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य तकनीक के जरिए कक्षा-शिक्षण को अधिक रोचक, सहभागितापूर्ण और प्रभावी बनाना है।
समग्र शिक्षा के तहत उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और पीएम श्री विद्यालयों में आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन्हीं संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए राज्य परियोजना कार्यालय ने चार गाइड वीडियो तैयार कर विभागीय यूट्यूब चैनल ‘निपुण भारत उत्तर प्रदेश’ पर अपलोड किए हैं।
इन वीडियो में स्मार्ट क्लास की सुविधाओं और उनके इस्तेमाल, आईसीटी लैब के माध्यम से शिक्षण, डिजिटल पुस्तकालय से विद्यार्थियों को मिलने वाले अध्ययन अवसरों तथा आईएफपी पैनल के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई है।
अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि सभी शिक्षक इन चारों वीडियो को देखें और विद्यालयों में उपलब्ध डिजिटल संसाधनों का नियमित रूप से कक्षा-शिक्षण में इस्तेमाल करें।
वहीं, राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने संयुक्त निदेशक, सहायक निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी और एआरपी को निर्देशित किया है कि वे शिक्षकों तक इन वीडियो की जानकारी पहुंचाएं। जिन विद्यालयों में आईसीटी संसाधन उपलब्ध हैं, वहां उनका दैनिक उपयोग सुनिश्चित कराया जाए। इस व्यवस्था की निगरानी और समीक्षा विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से की जाएगी।


Comments