अहिंसा ही मानवता का सबसे बड़ा धर्म और विश्व शांति का आधार

"हिंसा से कभी स्थायी शांति स्थापित नहीं हो सकती, प्रेम, करुणा और सहिष्णुता से ही सुरक्षित एवं समृद्ध विश्व का निर्माण संभव है"

हर्षिता यादव  Picture
Published On

अहिंसा भारतीय संस्कृति की आत्मा और मानव जीवन का सबसे बड़ा नैतिक आदर्श है।यह केवल जीव को शारीरिक कष्ट नही पहुंचाने तक सीमित नही है,बल्कि मन ,वचन और कर्म से किसी के प्रति बुरा भाव न रखना भी अहिंसा है। दूसरों के दुःख को समझना, उनके सुख में सहभागी बनना, प्राणिमात्र के प्रति दया रखना और परस्पर प्रेम एवं सद्भाव से जीवन जीना ही अहिंसा का वास्तविक स्वरूप है। अहिंसा मनुष्य को भीतर से मजबूत बनाती है, जबकि हिंसा मन में क्रोध, द्वेष, भय और अशांति को जन्म देती है। आज जब दुनिया युद्ध, आतंकवाद, आपसी संघर्ष और वैचारिक टकराव से जूझ रही है, तब अहिंसा का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है।
 
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को एक-दूसरे का पूरक बताया था। उनका मानना था कि सत्य और अहिंसा को व्यवहार में अलग नहीं किया जा सकता। अहिंसा का अर्थ केवल किसी को चोट नहीं पहुँचाना नहीं, बल्कि अगाध प्रेम और कष्ट सहने की अपार क्षमता रखना है। गांधीजी ने अहिंसा को कायरता नहीं, बल्कि वीरता और आत्मबल का सर्वोच्च प्रतीक माना। उन्होंने अपने जीवन और आंदोलनों के माध्यम से दुनिया को दिखाया कि बिना हथियार उठाए भी अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध बड़ी लड़ाई लड़ी जा सकती है। दक्षिण अफ्रीका से लेकर भारत के स्वतंत्रता आंदोलन तक उनका अहिंसक संघर्ष इसका प्रमाण है।
 
अहिंसा मनुष्य का स्वाभाविक गुण है। जैसे पानी का स्वभाव शीतलता और चीनी का स्वभाव मिठास है, वैसे ही आत्मा का स्वभाव करुणा और अहिंसा है। हिंसा मनुष्य के भीतर उत्पन्न होने वाला विकार है, जो क्रोध, लोभ, अहंकार और स्वार्थ से जन्म लेता है। जब मनुष्य अपने वास्तविक स्वरूप को पहचानता है तो उसके भीतर दया, क्षमा, प्रेम और सहिष्णुता के भाव विकसित होते हैं। यही भाव परिवार से समाज और समाज से राष्ट्र तक शांति का वातावरण बनाते हैं।
 
भगवान महावीर ने अहिंसा को सर्वोच्च धर्म बताया। उनका संदेश था कि सभी जीवों को अपना जीवन प्रिय है। प्रत्येक प्राणी सुख चाहता है और दुःख से बचना चाहता है। मनुष्य जिस प्रकार अपने जीवन की रक्षा चाहता है, उसी प्रकार पशु-पक्षी और छोटे से छोटे जीव भी जीवन जीने का अधिकार रखते हैं। इसलिए किसी भी प्राणी को अनावश्यक कष्ट पहुँचाना उचित नहीं है। जैन दर्शन का मूल सिद्धांत जियो और जीने दो इसी भावना को अभिव्यक्त करता है। भगवान महावीर का यह संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है।
 
भारतीय इतिहास में सम्राट अशोक का जीवन अहिंसा की शक्ति का उल्लेखनीय उदाहरण है। कलिंग युद्ध में हुए भारी जनसंहार और विनाश ने उनके हृदय को झकझोर दिया। युद्ध की विजय के बावजूद उन्हें आत्मिक शांति नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने हिंसा का मार्ग छोड़कर धम्म, करुणा और लोककल्याण का मार्ग अपनाया। उनका जीवन बताता है कि तलवार से राज्य जीता जा सकता है, लेकिन लोगों का हृदय प्रेम और सद्भाव से ही जीता जा सकता है।
 
आज विश्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती युद्ध और बढ़ता हुआ अंतरराष्ट्रीय तनाव है। अनेक देशों के बीच सीमा विवाद, राजनीतिक प्रतिस्पर्धा, धार्मिक कट्टरता और वर्चस्व की लड़ाई ने मानवता को संकट में डाल रखा है। युद्ध में केवल सैनिक ही प्रभावित नहीं होते, बल्कि निर्दोष नागरिक, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और आने वाली पीढ़ियां भी इसकी कीमत चुकाती हैं। विकास के लिए खर्च होने वाला धन हथियारों और सैन्य तैयारियों पर खर्च हो जाता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, विज्ञान और जनकल्याण के कार्य पीछे छूट जाते हैं। युद्ध किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। एक संघर्ष समाप्त होता है तो उसके पीछे नई नफरत और नए विवाद जन्म ले लेते हैं।
 
हिंसा का सबसे बड़ा दुष्परिणाम यह है कि वह प्रतिशोध की भावना को जन्म देती है। हिंसा का उत्तर हिंसा से देने पर संघर्ष की श्रृंखला समाप्त नहीं होती। इसके विपरीत संवाद, समझौता, न्याय और कूटनीति से कठिन से कठिन विवाद का समाधान निकाला जा सकता है। इसका अर्थ यह नहीं कि अन्याय और अत्याचार के सामने चुप रहा जाए। अहिंसा का अर्थ अन्याय को स्वीकार करना भी नहीं है। अहिंसा का रास्ता अपनाते हुए सत्य, न्याय और अधिकारों के लिए दृढ़ता से खड़ा होना ही वास्तविक साहस है।
 
अहिंसा केवल राष्ट्रों और समाजों के लिए ही नहीं, बल्कि परिवार और व्यक्तिगत जीवन के लिए भी आवश्यक है। घर में कटु वचन, क्रोध और अपमान भी मानसिक हिंसा के रूप हैं। यदि परिवार के सदस्य एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें, मतभेदों को बातचीत से सुलझाएं और क्षमा को जीवन का हिस्सा बनाएं तो परिवार में सुख और शांति बनी रह सकती है। समाज में भी जाति, भाषा, धर्म और विचारधारा के आधार पर नफरत फैलाने के बजाय आपसी सम्मान और भाईचारे को बढ़ावा देना चाहिए।
 
आज दुनिया के शक्तिशाली देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों की जिम्मेदारी है कि वे युद्ध को बढ़ावा देने के बजाय शांति की पहल करें। संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक मंचों को विवादों के शांतिपूर्ण समाधान, मानवाधिकारों की रक्षा और देशों के बीच विश्वास बढ़ाने में प्रभावी भूमिका निभानी चाहिए। प्रत्येक राष्ट्र को यह समझना होगा कि उसकी वास्तविक शक्ति केवल सैन्य सामर्थ्य में नहीं, बल्कि आर्थिक विकास, शिक्षा, वैज्ञानिक प्रगति और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में है।
 
भारत ने सदियों से दुनिया को अहिंसा, सहिष्णुता, करुणा और वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश दिया है। महात्मा गांधी और भगवान महावीर की विचारधारा आज भी विश्व को शांति का रास्ता दिखाती है। आवश्यकता है कि इन आदर्शों को केवल पुस्तकों और भाषणों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि व्यवहार में अपनाया जाए।
 
अंततः अहिंसा कमजोरी नहीं, बल्कि आत्मबल की सबसे बड़ी पहचान है। हिंसा भय पैदा कर सकती है, लेकिन विश्वास नहीं; वह विनाश कर सकती है, लेकिन स्थायी विकास नहीं। मानवता का भविष्य युद्ध के मैदानों में नहीं, बल्कि शांति, सहयोग और सद्भाव के वातावरण में सुरक्षित है। दुनिया के देशों को हथियारों की प्रतिस्पर्धा छोड़कर मानव कल्याण की प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए। हमें यह समझना होगा कि दूसरों को दुःख देकर स्वयं सुखी नहीं रहा जा सकता। जीना है तो जीने दो, सुखी रहना है तो दूसरों को सुख दो। यही अहिंसा का संदेश है और यही विश्व शांति का सबसे मजबूत आधार है। हम चाहते है कि  हमारा जीवन हमसे नही ले। तो हम दूसरों का जीवन लेने से बचे,अपितु दुसरो की प्राण रक्षा भी करे।हम किसी को नही मारते यह भी अहिंसा ही है।
 
कांतिलाल मांडोत

Post Comments

Comments