कार ने बाइक सवार दो दोस्तों को मारी टक्कर, एक की मौत 

- मंगलवार रात को नानकमत्ता मेले से लौट रहे थे दोनों युवक, सितारगंज स्थित मंडी गेट के पास हुए हादसे का शिकार

हर्षिता यादव  Picture
Published On

सितारगंज। नानकमत्ता मेले से घर लौट रहे दो दोस्त सितारगंज स्थित मंडी गेट के पास सड़क हादसे का शिकार हो गए। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दोनों युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

वार्ड नंबर 9 निवासी अमित शर्मा ने बताया कि उसका भांजा ऋषभ शर्मा (24) अपने दोस्त वार्ड नंबर 6 निवासी विशाल (26) के साथ मंगलवार को नानकमत्ता में मेला देखने गया था। 

मेले से वापस सितारगंज लौट के बाद दोनों, किसी दोस्त को छोड़ने के बाद अपने घर जा रहे थे। तभी रास्ते में नई मंडी गेट के पास अमरिया (पीलीभीत) की ओर जा रही कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। 

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उप जिला अस्पताल सितारगंज में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने ऋषभ के मृत होने की पुष्टि की। जबकि, उसके दोस्त विशाल की गंभीर अवस्था पर उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे सितारगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। 

वहीं, घायल विशाल के भाई अनुज ने बताया कि दोनों सितारगंज स्थित एक शोरूम में कार्य करते थे। मंगलवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद करने के बाद दोनों मेला देखने के लिए नानकमत्ता गए थे। वहां से वापस लौट के बाद घर जाते समय दोनों सड़क हादसे का शिकार हो गए।

सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी का अवलोकन किया जा रहा है। फरार कार चालक की तलाशी की जा रही है। 

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें