नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
दीपोत्सव का हर दीप कुम्हार के श्रम और किसान की उपज को दे रहा नई रोशनी : योगी
मुख्यमंत्री बोले- अयोध्या का दीपोत्सव आस्था के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी दे रहा गति, कारीगरों और छोटे कारोबारियों के लिए खुल रहे रोजगार के अवसर
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या का भव्य दीपोत्सव धार्मिक आस्था को नई ऊर्जा देने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर रहा है। दीपोत्सव में जलने वाला प्रत्येक दीप किसी कुम्हार के परिश्रम, किसान की उपज और श्रमिक परिवार की आजीविका से जुड़ा है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार और कारोबार के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सोमवार को अयोध्या पहुंचने से पहले सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर दीपोत्सव के आर्थिक और सामाजिक महत्व को साझा किया।
2017 से पहले स्थानीय अर्थव्यवस्था को जोड़ने की पहल का अभाव
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि वर्ष 2017 से पहले अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक संभावनाओं को स्थानीय कारीगरों, किसानों तथा छोटे व्यापारियों की समृद्धि से जोड़ने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई थी। आस्था की शक्ति को आजीविका के नए अवसरों में बदलने की सोच का भी अभाव था। उनके अनुसार, डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदलने का काम किया है।
दीपोत्सव से कारीगरों और कारोबारियों को मिल रहे अवसर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में लाखों दीपों से जगमगाने वाला अयोध्या का दीपोत्सव कुम्हारों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के लिए रोजगार एवं कारोबार के नए अवसर पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि रामनगरी को रोशन करने वाला दीप केवल उत्सव का प्रतीक नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से मेहनतकश परिवारों के घरों में भी खुशहाली की उम्मीद जगती है। दीपोत्सव आस्था, श्रम और आजीविका को एक साथ जोड़ने का माध्यम बन रहा है।


Comments