डिजिटल संसाधनों के उपयोग के लिए शिक्षकों को मिलेंगे चार मार्गदर्शी वीडियो
स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, डिजिटल पुस्तकालय और आईएफपी पैनल के प्रभावी इस्तेमाल की दी जाएगी जानकारी; विद्या समीक्षा केंद्र से होगी निगरानी
लखनऊ। प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार ने शिक्षकों के लिए चार मार्गदर्शी वीडियो जारी किए हैं। इनके माध्यम से शिक्षक स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, डिजिटल पुस्तकालय और इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल (आईएफपी) के प्रभावी उपयोग की जानकारी हासिल कर सकेंगे। राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से तैयार ये वीडियो विभागीय यूट्यूब चैनल ‘निपुण भारत उत्तर प्रदेश’ पर उपलब्ध कराए गए हैं।
समग्र शिक्षा के तहत उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और पीएम श्री विद्यालयों में आधुनिक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य इन संसाधनों का नियमित इस्तेमाल सुनिश्चित कर कक्षा-शिक्षण को अधिक सहज, रोचक और प्रभावी बनाना है। इसी क्रम में अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि सभी शिक्षक जारी किए गए मार्गदर्शी वीडियो देखें और विद्यालयों में उपलब्ध डिजिटल संसाधनों का दैनिक रूप से शिक्षण कार्य में उपयोग करें।
दैनिक शिक्षण में तकनीक के इस्तेमाल पर जोर
राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने संयुक्त निदेशक, सहायक निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी और एआरपी को निर्देशित किया है कि शिक्षकों को चारों वीडियो देखने के लिए प्रेरित किया जाए। जिन विद्यालयों में आईसीटी से जुड़े संसाधन उपलब्ध हैं, वहां उनका नियमित उपयोग कक्षा-शिक्षण में कराया जाए। इस व्यवस्था की समीक्षा विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से की जाएगी।
चार वीडियो में अलग-अलग संसाधनों की जानकारी
Read More आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की दिवाली होगी रोशन, मानदेय बढ़ाकर योगी सरकार ने दिया तोहफाजारी वीडियो में स्मार्ट क्लास की सुविधाओं और उनके इस्तेमाल, आईसीटी लैब के जरिए शिक्षण, डिजिटल पुस्तकालय से विद्यार्थियों को मिलने वाले अध्ययन के अवसर और आईएफपी पैनल के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई है। इनके जरिए शिक्षकों को डिजिटल उपकरणों का बेहतर इस्तेमाल करने और विद्यार्थियों की कक्षा में सहभागिता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
यहां देख सकते हैं मार्गदर्शी वीडियो
-
स्मार्ट क्लास: https://youtu.be/gxxqr79-mds
-
आईसीटी लैब: https://youtu.be/L-k9ils5opA
-
डिजिटल पुस्तकालय: https://youtu.be/Bt6JVv42HsY
-
आईएफपी पैनल का सफल उपयोग: https://youtu.be/0ADaSMjVOXM


Comments