दीपावली और छठ से पहले काशीवासियों को रेलवे की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री ने वंदे भारत स्लीपर सहित तीन नई ट्रेनों का किया शुभारंभ
वंदे भारत स्लीपर से दिल्ली का सफर 8 से 9 घंटे में होगा पूरा: योगी
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर वाराणसी से तीन नई रेल सेवाओं का शुभारंभ किया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की मौजूदगी में नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, बनारस-प्रयागराज रामबाग मेमू और बनारस-राजातालाब मेमू सेवा को हरी झंडी दिखाई गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से वाराणसी से दिल्ली का सफर, जिसमें पहले 13 से 14 घंटे लगते थे, अब करीब आठ से नौ घंटे में पूरा होगा। वहीं, स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू की गई मेमू सेवाओं से छात्रों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा।
95 और 220 रुपये में महीनेभर की यात्रा

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि बनारस से राजातालाब तक महीनेभर की यात्रा के लिए मात्र 95 रुपये और बनारस से प्रयागराज तक 220 रुपये खर्च करने होंगे। उन्होंने कहा कि कम किराये में सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा आम लोगों के लिए बड़ी राहत है।
Read More गोमती नदी में छोड़ी गईं 50 हजार मछली अंगुलिकाएं, जलीय जैव-विविधता संरक्षण को मिलेगा बढ़ावारेलवे के बुनियादी ढांचे में हुआ विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में रेलवे की सभी लाइनें ब्रॉडगेज हो चुकी हैं और उनका विद्युतीकरण भी पूरा किया जा चुका है।

पहले मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग दुर्घटनाओं का कारण बनती थीं, लेकिन अब वहां रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 157 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। इन स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
फ्रेट कॉरिडोर से व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का एक हजार किलोमीटर से अधिक हिस्सा उत्तर प्रदेश से गुजरता है। मालगाड़ियों के लिए अलग ट्रैक होने से सामान की ढुलाई अधिक व्यवस्थित और समयबद्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि भविष्य में दिल्ली और काशी के बीच बुलेट ट्रेन शुरू होने पर दोनों शहरों की दूरी करीब साढ़े तीन घंटे में तय की जा सकेगी।
रेलवे बजट में बढ़ोतरी का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सपा और कांग्रेस सरकारों की तुलना में अब उत्तर प्रदेश को 18 गुना अधिक रेल बजट मिल रहा है। उन्होंने सरदार पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने 563 से अधिक रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत की नींव मजबूत की, उसी तरह भारतीय रेल देश के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने का काम कर रही है।

कार्यक्रम में प्रयागराज से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। वाराणसी में मंत्री अनिल राजभर, दयाशंकर मिश्र 'दयालु', रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


Comments