नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
दीपोत्सव की तैयारियां परखने अयोध्या पहुंचे सीएम योगी, हनुमानगढ़ी में टेका मत्था
रामलला की आरती उतारकर की परिक्रमा, मंदिर परिसर के निर्माण कार्यों का भी लिया जायजा
अयोध्या। दीपोत्सव-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या पहुंचे। गोरक्षपीठाधीश्वर ने सबसे पहले दीपोत्सव से जुड़े विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए और आरती उतारने के बाद मंदिर की परिक्रमा की।

मुख्यमंत्री ने अपने अयोध्या दौरे की शुरुआत दीपोत्सव की तैयारियों के निरीक्षण से की। उन्होंने आयोजन से जुड़े स्थलों पर चल रहे कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद संकटमोचन हनुमानगढ़ी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री श्रीराम मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने रामलला के चरणों में शीश नवाया, आरती उतारी और मंदिर परिसर की परिक्रमा की। इस दौरान मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें दीपोत्सव-2026 की तैयारियों और आगामी योजनाओं से अवगत कराया।
इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर स्थित पीएफसी सभागार पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर दीपोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।


Comments