नवीनतम
राजनीति
भारत
बैंक से रुपये निकालकर घर जा रही महिला से लूट का प्रयास, तीन अभियुक्त गिरफ्तार
ग्रामीणों की तत्परता से पकड़े गए तीनों आरोपी, 30 हजार रुपये, बैंक पासबुक व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सोनभद्र। घोरावल थाना क्षेत्र में बैंक से रुपये निकालकर घर जा रही महिला से 30 हजार रुपये से भरा झोला छीनकर भागने का प्रयास करने वाले तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों की सतर्कता से तीनों आरोपी मोटरसाइकिल सहित मौके पर ही पकड़ लिए गए। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट के 30 हजार रुपये, इंडियन बैंक की पासबुक और घटना में प्रयुक्त हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को महिला अपनी सास, ससुर और गांव की अन्य महिलाओं के साथ ग्राम औराही स्थित इंडियन बैंक से आवास निर्माण के लिए 30 हजार रुपये निकालकर पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान पटका गांव मोड़ से करीब 20-25 मीटर आगे पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने रुपये से भरा झोला छीनने का प्रयास किया। महिला और उसके परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची घोरावल पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें 30 हजार रुपये नकद और बैंक पासबुक बरामद हुई। पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 274/2026 धारा 309(4), 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में कन्हैया लाल विश्वकर्मा निवासी अठौना, सुनील विश्वकर्मा उर्फ पिंटू निवासी सदारी तथा रामसुंदर पाण्डेय उर्फ रामू पाण्डेय निवासी अठौना, थाना शाहगंज शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सुनील और रामसुंदर हिस्ट्रीशीटर हैं तथा दोनों के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शेष नारायण पाण्डेय, मुख्य आरक्षी इम्तियाज , आरक्षी गंगाचरन शामिल रहे।


Comments