स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही पर सीडीओ सख्त, अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश
एनआरसी में कुपोषित बच्चों की भर्ती बढ़ाने और मातृ-शिशु मृत्यु का ऑडिट कराने पर जोर
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक कर स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। लापरवाही और अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने जननी सुरक्षा योजना के तहत 90 प्रतिशत पात्र लाभार्थियों का भुगतान तथा प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) पंजीकरण में 90 प्रतिशत से अधिक प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। एनआरसी में कुपोषित बच्चों की कम भर्ती पर आरबीएसके की प्रत्येक टीम को सप्ताह में कम से कम एक अति कुपोषित बच्चे को भर्ती कराने का लक्ष्य दिया। लक्ष्य पूरा नहीं करने वाली टीमों का मानदेय रोकने की चेतावनी भी दी।
उन्होंने जनपद में प्रत्येक मातृ एवं शिशु मृत्यु का अनिवार्य ऑडिट कराने, गर्भवती महिलाओं की फोन से काउंसलिंग करने और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, पांच नवंबर तक पल्स पोलियो अभियान की कार्ययोजना तैयार करने, टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित करने और स्वास्थ्यकर्मियों की आभा आईडी बनवाने पर जोर दिया।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सीएमओ सहित स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Comments