राजनीति
चतरा में महिला जागरूकता चौपाल, महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक
बाल विवाह, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय, हेल्पलाइन सेवाओं की दी जानकारी
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र/ उत्तर प्रदेश-
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बुधवार को विकास खंड चतरा में महिला जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के आदेश एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम और वन स्टॉप सेंटर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं एवं किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
चौपाल में बाल विवाह की रोकथाम, घरेलू हिंसा से संरक्षण, लैंगिक समानता, बाल अधिकारों और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही नशे से दूर रहने तथा सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार की पहचान करने के बारे में भी बताया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, सामूहिक विवाह योजना, सखी निवास योजना और रानी लक्ष्मीबाई योजना सहित महिलाओं एवं बालिकाओं के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
महिला एवं बाल सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताते हुए महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला पावर लाइन 1090, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और आपातकालीन सेवा 112 के उपयोग की जानकारी दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी तरह की हिंसा, उत्पीड़न या बाल विवाह की स्थिति में संबंधित विभाग से सहायता लेने की अपील की गई।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक नीतू यति, जेंडर एक्सपर्ट साधना मिश्रा, सीमा द्विवेदी, सेंटर मैनेजर दीपिका सिंह सहित समूह की महिलाएं, बालिकाएं और संबंधित विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।


Comments