परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को पढ़ाया जा रहा पर्यावरण संरक्षण का पाठ

ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के तहत 1.32 लाख से अधिक स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, 1.42 करोड़ विद्यार्थी हो रहे शामिल

हर्षिता यादव  Picture
Published On

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके तहत एक से सात नवंबर तक प्रदेश के 1.32 लाख से अधिक विद्यालयों में ब्रिक्स (BRICS) सतत जीवनशैली सप्ताह मनाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से करीब 1.42 करोड़ विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

मिशन लाइफ के सात विषयों पर आधारित इस अभियान में प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। एक नवंबर को स्वस्थ जीवनशैली, दो नवंबर को ऊर्जा संरक्षण, तीन नवंबर को जल संरक्षण और चार नवंबर को टिकाऊ खाद्य प्रणालियों पर कार्यक्रम हुए। पांच नवंबर को एकल उपयोग प्लास्टिक से दूरी, छह नवंबर को ई-कचरा प्रबंधन और सात नवंबर को कचरा कम करने पर जागरूकता गतिविधियां होंगी।

विद्यालयों में इको क्लबों के माध्यम से शपथ, पोस्टर निर्माण, कार्यशालाओं और जागरूकता अभियानों का आयोजन किया जा रहा है। विद्यार्थियों को ऊर्जा व जल बचाने, प्लास्टिक का उपयोग घटाने, कचरे का पृथक्करण करने और वस्तुओं के पुनः उपयोग की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही उन्हें इन संदेशों को अपने परिवार और समुदाय तक पहुंचाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना भी सरकार की प्राथमिकता है। वहीं, महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के अनुसार, इको क्लबों की सहभागिता से पर्यावरण-अनुकूल आदतों को विद्यार्थियों की दिनचर्या का हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

निपुण उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को नई गति देगी योगी सरकार, डीएलएड प्रशिक्षुओं के माध्यम से होगा परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों का आकलन Read More निपुण उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को नई गति देगी योगी सरकार, डीएलएड प्रशिक्षुओं के माध्यम से होगा परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों का आकलन

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें