बैंक ने राइस मिल पर जड़ा ताला, कब्जे में लिया परिसर

लिमिट खाते की बकाया रकम को लेकर कार्रवाई, मिलर ने नोटिस दिए बिना सीलिंग का लगाया आरोप

हर्षिता यादव  Picture
Published On

तिलहर-शाहजहांपुर। बैंक लिमिट खाते की बकाया रकम की अदायगी न होने के चलते बैंक ऑफ बड़ौदा की टीम ने हाईवे स्थित श्याम राइस मिल पर कार्रवाई करते हुए मिल परिसर को सील कर अपने कब्जे में ले लिया। बैंक अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान मिल स्वामी ने न्यायालय से संबंधित दस्तावेज दिखाकर कार्रवाई रोकने का प्रयास किया, लेकिन बैंक अधिकारियों ने प्रक्रिया जारी रखी।
 
नगर के नई बस्ती निवासी श्याम गुप्ता की हाईवे पर मैसर्स श्याम राइस मिल के नाम से फर्म है। बुधवार सुबह बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारी, रिकवरी टीम, सर्किल थानों का पुलिस बल और नायब तहसीलदार रोहित कुमार मिल परिसर पहुंचे। बैंक टीम के पहुंचने की जानकारी मिलते ही फर्म स्वामी श्याम गुप्ता भी परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए।
 
बैंक अधिकारियों ने लिमिट खाते की बकाया रकम का भुगतान न होने का हवाला देते हुए मिल परिसर, गोदाम समेत अन्य हिस्सों को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान मिल स्वामी ने पिछले माह जमा किए गए 50 लाख रुपये की रसीद तथा ट्रिब्यूनल कोर्ट से करीब ढाई करोड़ रुपये की रकम होल्ड किए जाने से संबंधित दस्तावेज अधिकारियों के सामने रखे। उनका आरोप है कि इन दस्तावेजों के बावजूद बैंक अधिकारियों ने उनकी बात पर गौर नहीं किया और सीलिंग की कार्रवाई पूरी कर दी।
 
श्याम गुप्ता ने आरोप लगाया कि बैंक की ओर से नियमानुसार 14 दिन पूर्व लीगल नोटिस दिए बिना ही मिल सील करने की कार्रवाई की गई। उन्होंने कार्रवाई की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।कार्रवाई के दौरान मिल के मुख्य द्वार पर नीलामी संबंधी फ्लैक्सी लगाई गई और अधिकारियों ने पूरे परिसर की फोटोग्राफी कराई।
 
नायब तहसीलदार रोहित कुमार ने बताया कि बैंक की ओर से की जा रही सीलिंग कार्रवाई में राजस्व विभाग की ओर से सहयोग किया गया है। बैंक के अपने नियम और प्रक्रिया हैं, जिनमें राजस्व विभाग का हस्तक्षेप नहीं है। कार्रवाई के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के चीफ मैनेजर कुमार गौतम, लीगल विभाग से दर्शन, रिकवरी अधिकारी धीरज दीक्षित, रुपेश अवस्थी, दीपक रस्तोगी, संजीव पांडेय समेत बैंक अधिकारी मौजूद रहे।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें