सरकारी स्वास्थ्य उपकेंद्र पर निजी अस्पताल का कैलेंडर मिलने पर एएनएम को फटकार
सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निजी संस्थानों के प्रचार-प्रसार को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है
भदोही। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निजी संस्थानों के प्रचार-प्रसार को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विकास खंड अभोली के स्वास्थ्य उपकेंद्र कुढ़वा के निरीक्षण के दौरान निजी चिकित्सालय का कैलेंडर चस्पा मिलने पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित एएनएम को मौके पर ही फटकार लगाई।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आजाद अहमद और जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी आरपी सिंह की टीम ने शनिवार को उपकेंद्र कुड़वा का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में निजी चिकित्सालय का कैलेंडर लगा मिला। अधिकारियों ने इसे सरकारी स्वास्थ्य संस्थान की मर्यादा और विभागीय नियमों के विपरीत मानते हुए तत्काल ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी स्वास्थ्य उपकेंद्रों का उपयोग किसी निजी चिकित्सालय या संस्था के प्रचार के लिए नहीं किया जा सकता। यहां केवल विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप अधिकृत सूचनाएं और स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी सामग्री ही प्रदर्शित की जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एएनएम को उपकेंद्र की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों और अन्य लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय से मिलना चाहिए। कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
टीम ने चेतावनी दी कि भविष्य में सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निजी संस्थानों के प्रचार की सामग्री मिलने अथवा अन्य अनियमितता सामने आने पर संबंधित कर्मचारी की जवाबदेही तय कर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
#BreakingNews #SwatantraPrabhat #UttarPradeshNews #HospitalInspection #HealthDepartment #HealthAwareness #PublicHealth #HealthcareServices #DepartmentalAction #ANM #UPHealthNews \#BhadohiNews #GovernmentHospital #HealthInfrastructure #PrivateHospital #GovernmentHealthCenter #HealthSubCenter #Abholi #Kudwa #HealthOfficials #DrAzadAhmed #RP Singh #MedicalDepartment #OfficialNegligence #BhadohiHealthNews


Comments