डीएम ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के विशेष बूथ दिवस पर रविवार को जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया

Abhinav Shukla Picture
Published On

भदोही। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के विशेष बूथ दिवस पर रविवार को जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद जिंदगी की खुराक पीने से वंचित न रहे।
 
जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। भारत वर्ष 2014 से पोलियो मुक्त है। इस उपलब्धि को बरकरार रखने के लिए प्रत्येक अभियान में शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सहयोग देने की अपील की।
 
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में करीब 2,72,022 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 633 पोलियो बूथ बनाए गए हैं तथा अभियान की निगरानी के लिए 457 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है।
 
उन्होंने बताया कि 22 से 30 नवंबर तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बूथ पर खुराक पीने से छूटे बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाएंगी। विशेष बी-टीम अभियान के माध्यम से भी छूटे हुए बच्चों को आच्छादित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो उन्मूलन जनसहभागिता से जुड़ा अभियान है। इसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं और आमजन की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
 
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओपी शुक्ला सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां तथा अभिभावक मौजूद रहे।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार