सिविल कोर्ट में भारतीय जन समाज पार्टी के विधि प्रकोष्ठ की बैठक
शिक्षा से पेपर लीक तक उठे मुद्दे
लखनऊ। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में बुधवार को भारतीय जन समाज पार्टी के विधि प्रकोष्ठ की आपात बैठक हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजमोहन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिक्षा व्यवस्था, भ्रष्टाचार, शराब नीति, सड़क निर्माण और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने सरकार की नीतियों को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराते हुए विभिन्न मांगें उठाईं।
बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता पवन कुमार श्रीवास्तव के साथ अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव और विनोद श्रीवास्तव ने शिक्षा व्यवस्था में समान पाठ्यक्रम लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आर्थिक आधार पर शिक्षा की गुणवत्ता में अंतर नहीं होना चाहिए और सभी बच्चों को समान शैक्षिक अवसर मिलने चाहिए।
अधिवक्ता शीलू सिंह ने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सड़क की गुणवत्ता का मुद्दा उठाया। उन्होंने निर्माण कार्य की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। उनके अनुसार, सड़क निर्माण में अनियमितता की जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
अधिवक्ता चनप्रीत दुआ ने शराब दुकानों के संचालन समय में कथित असमानता का मुद्दा उठाते हुए समान नियम लागू करने की मांग की। वहीं, अधिवक्ता आयूष प्रताप सिंह ने उपमुख्यमंत्री के ई-रिक्शा संबंधी बयान को लेकर आपत्ति जताई और सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों से जिम्मेदार बयान देने की अपेक्षा जताई।
पेपर लीक के मुद्दे पर अधिवक्ता रेयांश ने परीक्षा रद्द होने की स्थिति में अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क के साथ यात्रा और अन्य खर्च की भरपाई किए जाने की मांग रखी। उन्होंने पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।
पार्टी के विधि सलाहकार जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को कानूनी और लोकतांत्रिक मंचों पर उठाती रहेगी। बैठक में किजय सिंह, दीपांशु सिंह, राजकुमार मौर्य समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। उपस्थित सदस्यों ने बैठक में रखे प्रस्तावों का समर्थन किया।


Comments