फीचर्ड
राजनीति
धान खरीद में अमेठी मंडल में अव्वल, अब तक 1,813 किसानों से 10,932 मीट्रिक टन धान की खरीद
सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद में तेजी, 1,464 किसानों के खाते में पहुंचे 2,183 लाख रुपये किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने के लिए धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
अमेठी। मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत जनपद में किसानों से धान खरीद की प्रक्रिया लगातार जारी है। किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य उपलब्ध कराने एवं सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी प्रज्ञा मिश्रा द्वारा विभिन्न धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजापुर अमेरुवा, गोरखापुर, अमेठी एवं खेरौना स्थित धान क्रय केंद्रों का जायजा लिया। सभी केंद्रों पर धान खरीद होती पाई गई। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि किसानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक धान खरीद सुनिश्चित की जाए।
क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो और न ही उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार करना पड़े। सभी किसानों के धान की खरीद निर्धारित टोकन व्यवस्था के अनुसार सुनिश्चित की जाए। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद में धान खरीद का कुल लक्ष्य 1,53,000 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 1,813 किसानों से कुल 10,932.35 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 7.15 प्रतिशत है।
धान खरीद के मामले में जनपद अमेठी मंडल में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने बताया कि अब तक 1,464 किसानों को उनकी उपज के मूल्य के रूप में कुल 2,183.17 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। पीसीएफ एवं यूपीएसएस संस्थाओं में पीएफएमएस पोर्टल के माध्यम से भुगतान किए जाने में आ रही तकनीकी समस्या भी अब दूर हो गई है।
शीघ्र ही शेष किसानों का भुगतान भी सुनिश्चित कराया जाएगा। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने जनपद के समस्त किसान भाइयों से अपील की कि वे अपनी धान की उपज को निर्धारित सरकारी क्रय केंद्रों पर ही बेचें और बिचौलियों के बजाय सीधे सरकारी खरीद व्यवस्था का लाभ उठाएं। इससे उन्हें शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ प्राप्त होगा। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधा, पारदर्शी खरीद एवं समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
#AgricultureNews #Farmers #AgricultureDepartment #SwatantraPrabhat #UttarPradeshNews #LatestNews #FarmerWelfare #KisanNews #PaddyProcurement #PaddyPurchase2026 #DhanKharid #MinimumSupportPrice #MSP #GovernmentProcurement \#AmethiNews #UPAgriculture #FarmerPayment #PaddyProcurementCenter #PCF #AmethiAdministration #PragyaMishra #AmethiFarmers #UPSS #RajapurAmeruwa #DirectProcurement


Comments