फीचर्ड
राजनीति
कुआँनों नदी के किनारे मिला नरकंकाल, कपड़ों से हुई पहचान, पुलिस डीएनए टेस्ट करवाने की तैयारी में
42 दिन से लापता युवक का कुआनो नदी किनारे मिला कंकाल, कपड़ों से छोटे भाई ने पहचाना; डीएनए जांच से होगी पुष्टि
बस्ती। बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र में 42 दिन से लापता युवक का नर कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कुआनो नदी के चौरा घाट के पास झाड़ियों में बुधवार सुबह में कंकाल मिलने की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कंकाल के पास मिले कपड़ों के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान 24 वर्षीय रोहित पुत्र भगवानदीन निवासी सुल्तानपुर के रूप में की है। हालांकि, पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराने की बात कही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार , गौर थाना क्षेत्र की टिनिच पुलिस चौकी अंतर्गत सुल्तानपुर गांव निवासी रोहित बीते 8 अक्टूबर को दोपहर में घर से बिना किसी को बताए निकल गया था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिवार की ओर से गौर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
बुधवार भोर में कुआनो नदी के चौरा घाट के पास मछली पकड़ रहे मछुआरों की नजर नदी किनारे झाड़ियों में पड़े नर कंकाल पर पड़ी। इस पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे गौर थाना प्रभारी अतुल अंजन ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। कंकाल पुल से करीब 800 मीटर दूर झाड़ियों में मिला। सूचना पर पहुंचे रोहित के छोटे भाई राहुल ने वहां मिले कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित तीन बहनों और एक छोटे भाई में सबसे बड़ा था। वह प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और कुछ दिन पहले ही अपने गांव आया था। आसपास के लोगों के अनुसार, रोहित शांत स्वभाव का युवक था। उसके लापता होने के बाद से ही परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन 42 दिन बाद कंकाल मिलने की खबर ने परिवार की उम्मीदों को गहरे सदमे में बदल दिया।
रोहित के पिता भगवानदीन ने बताया कि घर से लापता होने से पहले उनका बेटा किसी बात को लेकर बेचैन रहता था। इसी दौरान एक युवक का फोन भी आया था, जिसके बाद वह घर से कहीं चला गया था। हालांकि, वह युवक कौन था और फोन आने के बाद रोहित कहां गया, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
गौर थाना प्रभारी अतुल अंजन ने बताया कि छोटे भाई ने मौके पर मिले कपड़ों के आधार पर कंकाल की पहचान रोहित के रूप में की है। वास्तविक पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
#UPPolice #BreakingNews #PoliceInvestigation #CrimeNews #ForensicInvestigation #SwatantraPrabhat #UttarPradeshNews #BastiPolice #CrimeInvestigation #LatestNews #UttarPradeshCrime #MissingYouth #BastiCrimeNews #MissingPersonCase #GaurPoliceStation \#BastiNews #HumanSkeletonFound #RohitMissingCase #KuwanoRiver #ChouraGhat #DNATest #UnidentifiedBody #SultanpurBasti #YouthDeathCase #MissingYouthFound


Comments