फीचर्ड
राजनीति
संविधान दिवस पर गांव से जिला मुख्यालय तक गूंजा संविधान का संदेश
संविधान अंगीकरण के 77 वर्ष पूर्ण होने पर गुरुवार को जनपद में ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ अभियान के तहत संविधान दिवस गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
भदोही। संविधान अंगीकरण के 77 वर्ष पूर्ण होने पर गुरुवार को जनपद में ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ अभियान के तहत संविधान दिवस गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर विकास भवन, कलेक्ट्रेट, तहसीलों, विकास खंडों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों और शिक्षण संस्थानों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का भी सजीव प्रसारण किया गया।
विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठन किया गया।
सीडीओ बाल गोविन्द शुक्ला ने कहा कि भारतीय संविधान राष्ट्र के नागरिकों को एकता के सूत्र में बांधने की अद्भुत शक्ति रखता है। प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्श लोकतंत्र की आधारशिला हैं। संविधान के मूल्यों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला ने कहा कि संविधान दिवस संविधान निर्माताओं के योगदान और उनके दूरदर्शी विचारों को याद करने का अवसर है। लोकतंत्र का आधार भारतीय संविधान है और इसकी आत्मा प्रस्तावना है। प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का भी निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता और समानता के मूल्यों को लोकतंत्र की पहचान बताया। जिला पंचायत राज अधिकारी संजय मिश्रा ने कहा कि संविधान में कमजोर एवं वंचित वर्गों को समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। संविधान की भावना के अनुरूप समावेशी और सशक्त भारत का निर्माण सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में बताया गया कि संविधान दिवस के उपलक्ष्य में वर्षभर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्राम पंचायतों में संविधान स्वाभिमान यात्रा, मौलिक कर्तव्यों का पाठन और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध, वाद-विवाद, संगोष्ठी और वॉल पेंटिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इसी क्रम में जनपद न्यायालय, पुलिस लाइन, कलेक्ट्रेट, तहसीलों, विकास खंडों, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठन कर संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों के पालन का संकल्प लिया गया। कार्यक्रमों में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और आमजन शामिल रहे।
#YOGIADITYANATH #SwatantraPrabhat #UttarPradeshNews #LatestNews #BhadohiNews #BhadohiAdministration #DemocraticValues #DistrictAdministration #EducationalInstitutions #IndianConstitution #CivicResponsibility #ConstitutionOfIndia #ConstitutionalValues #DrBRAmbedkar #ShubhangiShukla #ConstitutionAwareness #ConstitutionPreamble #FundamentalDuties \#ConstitutionDay #JusticeLibertyEquality #SamvidhanDiwas #OurConstitutionOurPride #BalGovindShukla #ConstitutionAwarenessCampaign #ConstitutionPrideMarch


Comments