बदहाल सड़कों, पेयजल संकट और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सपा का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

15 दिन में समस्याओं का समाधान न होने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन की चेतावनी

Abhinav Shukla Picture
Published On

कानपुर। शहर की बदहाल नागरिक सुविधाओं, पेयजल संकट, बिजली कटौती, कथित अवैध वसूली और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और शहर की विभिन्न जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
 
ज्ञापन के माध्यम से सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम, केस्को, जल निगम, पीडब्ल्यूडी और पुलिस प्रशासन के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। निराला नगर और जाजमऊ में सीएम-ग्रिड्स के अधूरे कार्यों से उड़ती धूल तथा जाजमऊ वीआईपी रोड की बार-बार खुदाई से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़क धंसने से करीब 18 फीट गहरा गड्ढा बनने और नाला क्षतिग्रस्त होने के मामले में भी जिम्मेदारी तय नहीं होने पर नाराजगी जताई गई।
 
महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने फूलबाग में रेहड़ी-पटरी दुकानदारों से कथित हफ्ता वसूली का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग की। उन्होंने लाल बंगला मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की कथित तस्करी, वाहन चोरी, कर्रही में चोरी तथा किदवई नगर और बाबूपुरवा में चेन स्नैचिंग की घटनाओं का मुद्दा भी उठाया।
 
ज्ञापन में जाजमऊ की करीब 15 हजार आबादी के पेयजल संकट, शहर के 42 से अधिक प्रमुख चौराहों पर अतिक्रमण से लगने वाले जाम और गोविंद नगर व रतनलाल नगर में सीवर समस्या का उल्लेख किया गया। इसके अलावा एचआईजी बर्रा पार्क और सीसामऊ के राजकीय कन्या विद्यालयों के बाहर कूड़े के ढेर तथा सड़कों पर आवारा पशुओं की समस्या के समाधान की मांग की गई।
 
सपा नेताओं ने जूही के 15 मोहल्लों में करीब 10 हजार लोगों को कथित तौर पर काला और बदबूदार पानी मिलने तथा पनकी के तीन गांवों में अमोनिया रिसाव से भूजल दूषित होने का मुद्दा भी उठाया। बेगमपुरवा और कोयला नगर में बिजली कटौती, विश्व बैंक बर्रा में ओवरलोड ट्रांसफॉर्मर तथा श्याम नगर में नए ट्रांसफॉर्मर की लंबित मांग को लेकर भी केस्को की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए। हैलट अस्पताल में एक मरीज के हाथ पर प्लास्टर की जगह गत्ता बांधे जाने की घटना का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी नाराजगी जताई गई।
 हाजी फजल महमूद ने प्रशासन से सभी संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कराने और समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी जनता और गरीब दुकानदारों के हित में व्यापक आंदोलन करेगी। इस दौरान महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर, प्रदेश सचिव केके शुक्ला, शादाब आलम, दीपक खोटे, रजत मिश्रा, इशरत इराकी और मो. मरफी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें