भारत
विश्व धरोहर सप्ताह पर ऐतिहासिक विरासत की छायाचित्र प्रदर्शनी शुरू
बाबा साहब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में 25 नवंबर तक चलेगी प्रदर्शनी, प्रदेश के 27 जिलों में 41 कार्यक्रम आयोजित कर रहा पुरातत्व निदेशालय
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक विरासत से लोगों को परिचित कराने के उद्देश्य से विश्व धरोहर सप्ताह के तहत बाबा साहब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में छायाचित्र प्रदर्शनी शुरू हुई। उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय और विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने गौतम बुद्ध केंद्रीय ग्रंथालय में किया।
इस अवसर पर राज्य पुरातत्व निदेशक रेनू द्विवेदी ने कुलपति को प्रदर्शनी में शामिल छायाचित्रों के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों की जानकारी दी। साथ ही विभाग की ओर से स्मारकों के संरक्षण और अनुरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों से भी अवगत कराया। निदेशक ने कुलपति को पौधा और स्मारक का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

प्रदर्शनी में प्रदेश के विभिन्न संरक्षित स्मारकों और पुरातात्विक स्थलों के साथ संरक्षण एवं अनुरक्षण कार्यों की तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। इनमें फतेहपुर स्थित रसिक बिहारी लाल जी, वाराणसी का कर्दमेश्वर महादेव मंदिर, लखनऊ का गुलिस्ताने इरम, लखीमपुर खीरी का मेंढक मंदिर, बालाबेहट किला और रसखान की समाधि प्रमुख हैं। वहीं, उत्खनित पुरास्थलों में चंदौली के मलहर और सोनभद्र के राजा नल का टीला सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थल भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं।
निदेशक रेनू द्विवेदी ने बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर 19 से 25 नवंबर तक राज्य पुरातत्व निदेशालय प्रदेश के 27 जनपदों में कुल 41 शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इन आयोजनों का उद्देश्य लोगों में ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं और विद्यार्थियों को अपनी विरासत से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम धरोहरों के संरक्षण के प्रति सामाजिक सहभागिता और संवेदनशीलता विकसित करने में सहायक हैं।
Read More सीएम योगी ने वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की रखी आधारशिला, 55 विकास परियोजनाओं की दी सौगातकुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी और विद्यार्थियों में धरोहरों के महत्व तथा उनके संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को लगातार जारी रखने पर जोर दिया।
प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर विश्वविद्यालय के करीब 600 विद्यार्थियों ने इसका अवलोकन किया और प्रदेश के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. विक्टर बाबू, प्रो. राजेश गौतम, प्रो. शूरदारा पुरी, प्रो. रवि कुमार, प्रो. आनंद सिंह, डॉ. रेनू पाण्डेय, डॉ. सुदर्शन चक्रधारी सहित विश्वविद्यालय और पुरातत्व निदेशालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
यह प्रदर्शनी 25 नवंबर 2026 तक गौतम बुद्ध केंद्रीय ग्रंथालय में विश्वविद्यालय के निर्धारित समय के अनुसार आमजन, विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।


Comments