फीचर्ड
भारत
योगी सरकार की पारदर्शी भर्ती व्यवस्था में एक और कदम, पहले दिन सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा शांति व शुचिता के साथ संपन्न
छह मंडल मुख्यालयों पर 24 विषयों की परीक्षा में 79.60 प्रतिशत अभ्यर्थी हुए शामिल, एआई कैमरों से हुई केंद्रों की निगरानी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा का प्रथम दिन गुरुवार को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा में दो पालियों में आयोजित परीक्षा में कुल 24 विषयों के अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। आयोग के अनुसार, पहले दिन पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 79.60 प्रतिशत परीक्षा में उपस्थित रहे।
परीक्षा की निगरानी के लिए आयोग मुख्यालय में एआई तकनीक से युक्त कंट्रोल कमांड रूम स्थापित किया गया था। यहां लगे कैमरों के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और उपसचिव की मौजूदगी में निगरानी व्यवस्था संचालित की गई। आयोग का कहना है कि तकनीक आधारित इस व्यवस्था से परीक्षा की पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने में मदद मिली।
पहली पाली में 15, दूसरी में नौ विषय
पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक हुई। इसमें शिक्षाशास्त्र, वनस्पति विज्ञान, विधि, संस्कृत, भौतिक विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, चित्रकला, दर्शनशास्त्र, उर्दू, सांख्यिकी, भूगर्भ विज्ञान, कृषि रसायन, कृषि अर्थशास्त्र, पशुपालन एवं दुग्ध विज्ञान और मानवशास्त्र विषय शामिल रहे।
दूसरी पाली में दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक इतिहास, भूगोल, वाणिज्य, गणित, संगीत गायन, कृषि वनस्पति, कृषि प्रसार, कृषि अभियंत्रण तथा संगीत वादन-तबला की परीक्षा आयोजित की गई।
50,994 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
Read More सीएम योगी ने वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की रखी आधारशिला, 55 विकास परियोजनाओं की दी सौगातआयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पालियों में कुल 50,994 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। पहली पाली में पंजीकृत 32,145 अभ्यर्थियों में से 24,907 उपस्थित रहे, जो 77.48 प्रतिशत है। वहीं, दूसरी पाली में 31,921 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 26,087 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस पाली में उपस्थिति 81.72 प्रतिशत रही।
लिंगवार आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा में 20,275 महिला अभ्यर्थी (78.03 प्रतिशत) और 30,719 पुरुष अभ्यर्थी (80.67 प्रतिशत) शामिल हुए।
प्रशासन और पुलिस के सहयोग की सराहना
आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि सभी निर्धारित केंद्रों पर परीक्षा सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। उन्होंने परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन में सहयोग के लिए संबंधित जिलों के प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार जताया।


Comments