विधानसभा निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन, मतदाता सूची में नामों के सत्यापन एवं संशोधन के लिए 16 दिसंबर तक मिलेगा अवसर : नवागत जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जिलाधिकारी ने मतदाता सूची की प्रति एवं सॉफ्ट कॉपी सौंपी 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान के तहत बूथों पर उपस्थित रहेंगे बीएलओ, प्राप्त करेंगे दावे एवं आपत्तियां

Abhinav Shukla Picture
Published On

संत रविदास नगर भदोही, :- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद संत रविदास नगर भदोही में विधानसभा निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन मंगलवार को किया गया। आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची आमजन के अवलोकनार्थ 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक जनपद के समस्त मतदान स्थलों, मतदान केंद्रों, तहसीलों, जिला निर्वाचन कार्यालय तथा ग्रामीण एवं शहरी निकाय केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी। इस दौरान मतदाता सूची में अपने नाम एवं अन्य विवरणों का सत्यापन कर आवश्यकतानुसार दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं।

आलेख्य प्रकाशन के उपरांत नवागत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, मंत्रियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवागत जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आलेख्य मतदाता सूची की मुद्रित प्रति एवं सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे पुनरीक्षण अवधि में अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय स्थापित करें तथा मतदाता सूची का सूक्ष्मता से परीक्षण कराएं। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने तथा अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कराने में सभी राजनीतिक दल सक्रिय सहयोग करें, जिससे मतदाता सूची को स्वच्छ, शुद्ध एवं पारदर्शी बनाया जा सके।

नवागत जिलाधिकारी ने बताया कि आलेख्य प्रकाशन के समय जनपद में कुल 1379 मतदान केंद्र हैं। जनपद के किसी भी मतदान स्थल पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं हैं। उन्होंने पुनरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी शुभांगी शुक्ला ने जानकारी दी कि निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन विशेष अभियान दिवसों पर सभी बीएलओ अपने निर्धारित बूथों पर उपस्थित रहकर आमजन से मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, नाम संशोधन, विलोपन तथा अन्य संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

नवागत जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे आलेख्य मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या नाम छूटने की स्थिति हो तो निर्धारित अवधि में संबंधित बीएलओ के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार