नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
गोपीगंज मंडी के धान क्रय केंद्रों पर पहुंचे डीएम, किसान की धान तौल कराकर शुरू कराई खरीद
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने शुक्रवार को खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत गोपीगंज मंडी स्थित खाद्य विभाग के धान क्रय केंद्र गोपीगंज मंडी एवं गोपीगंज मंडी प्रथम का औचक निरीक्षण किया
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने शुक्रवार को खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत गोपीगंज मंडी स्थित खाद्य विभाग के धान क्रय केंद्र गोपीगंज मंडी एवं गोपीगंज मंडी प्रथम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीद की तैयारियों, किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, तौल उपकरणों और अभिलेखों की जांच की। साथ ही किसानों से संवाद कर खरीद व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों क्रय केंद्रों पर आवश्यक सूचनाओं के बैनर, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, नमी मापक यंत्र, पावर डस्टर, ई-पॉप मशीन और ऑनलाइन प्रविष्टि के लिए लैपटॉप सहित जरूरी संसाधन उपलब्ध मिले।
डीएम ने किसान रामयज्ञ शुक्ला निवासी भवानीपुर, तहसील औराई के धान की तौल कराकर खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ कराया। किसान ने बताया कि वह करीब 32 कुंतल धान लेकर आए हैं और केंद्र पर उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। इस मौके पर डीएम ने किसान को माला पहनाकर और लड्डू खिलाकर बधाई दी। वहीं भुड़की टाउन निवासी किसान शेषनारायण पाठक भी धान विक्रय के लिए केंद्र पर मौजूद मिले।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद में खाद्य विभाग के 18, पीसीएफ के 17 और भारतीय खाद्य निगम का एक सहित कुल 36 क्रय केंद्र संचालित हैं। इनके माध्यम से इस वर्ष 28,500 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गोपीगंज मंडी और गोपीगंज मंडी प्रथम केंद्र पर 1,400-1,400 मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2,461 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 72 रुपये प्रति कुंतल अधिक है।
जिलाधिकारी ने क्रय केंद्र प्रभारियों को अधिक से अधिक किसानों से संपर्क कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। धान की नमी एवं गुणवत्ता की जांच निर्धारित मानकों के अनुसार प्रमाणित उपकरणों से की जाए। खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए और किसानों को समर्थन मूल्य योजना का पूरा लाभ मिले। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी, मंडी सचिव, क्रय केंद्र प्रभारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
#UPNews #AgricultureNews #Farmers #SwatantraPrabhat #UttarPradeshNews #FarmerWelfare #BhadohiNews #ShaileshKumar #FoodDepartment #KisanNews #PaddyProcurement #PaddyPurchase #DhanKharid #MinimumSupportPrice #FarmerNews #MSP #Bhadohi #Gopiganj #DMBhadohi #KharifMarketing2026 #PaddyProcurementCenter #GopiganjMandi #PaddyMSP #PCF #FoodCorporationOfIndia


Comments