नाबालिग बच्ची को अवैध असलहों के दम पर खेत जोतने से रोकने का आरोप, शिकायत के बावजूद कार्रवाई शून्य

मलिहाबाद में दबंगई का आरोप: जमीन पर खेती करने पहुंची नाबालिग को डराया-धमकाया, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, ट्रैक्टर से जुताई भी रुकवाई ।

Abhinav Shukla Picture
Published On

लखनऊ/मलिहाबाद। मलिहाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम रामपुर बस्ती में जमीन के विवाद को लेकर एक नाबालिग बच्ची को कथित रूप से अवैध असलहों के दम पर डराने-धमकाने और अपनी ही जमीन पर खेती करने से रोकने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित पक्ष की ओर से उपजिलाधिकारी मलिहाबाद को शिकायती प्रार्थना पत्र दिए जाने और मामला समाचार पत्र में प्रकाशित होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। इससे पीड़ित परिवार में नाराजगी है और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
 
प्राप्त शिकायत के मुताबिक ग्राम रामपुर बस्ती स्थित गाटा संख्या 2 व 3 में नाबालिग नैना और उसके भाइयों के नाम लगभग 0.430 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उक्त भूमि पर उसका दाखिल-खारिज एवं काश्तकारी का अधिकार है और परिवार लंबे समय से अपनी जमीन पर खेती-किसानी करना चाहता है।
 
शिकायत में बताया गया है कि बीते 6 नवंबर 2026 को सुबह करीब छह बजे नाबालिग नैना स्कूल जाने से पहले अपने खेत की जुताई कराने पहुंची थी। इसी दौरान बिराहिमपुर गांव निवासी धर्मेंद्र रावत पुत्र हरिराम और राजपाल पुत्र हरिराम मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि दोनों लोगों ने कथित रूप से अवैध असलहे दिखाकर नाबालिग बच्ची को डराया-धमकाया और मारपीट करने की धमकी देते हुए खेत की जुताई करने से रोक दिया।
 
इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता का आरोप है कि ट्रैक्टर से हो रही जुताई भी रुकवा दी गई और दोबारा जमीन पर आने पर जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद से परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
 
बैनामे को लेकर भी उठाए गए सवाल
 
शिकायती प्रार्थना पत्र में जमीन के पुराने विवाद का भी उल्लेख किया गया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि नैना के बड़े भाई की संबंधित भूमि के कुछ हिस्से का बैनामा विपक्षी पक्ष की पत्नियों सरल पत्नी धर्मेंद्र और रेशम पत्नी राजपाल के पक्ष में कथित रूप से बिना उचित प्रतिफल दिए धोखाधड़ी से कराया गया था। इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है।
 
खबर प्रकाशित होने के बाद भी कार्रवाई का इंतजार
 
इस मामले को 7 नवंबर 2026 को स्वतंत्र प्रभात समाचार पत्र के पृष्ठ संख्या तीन पर प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। खबर प्रकाशित होने के बाद उम्मीद थी कि संबंधित अधिकारी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराएंगे और नाबालिग बच्ची को सुरक्षा दिलाने के साथ ही आरोपों पर उचित कार्रवाई करेंगे। लेकिन 12 नवंबर तक पीड़ित पक्ष को किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है।
 
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब एक नाबालिग बच्ची की जमीन पर खेती करने को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, तो शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई हुई? क्या संबंधित अधिकारियों ने मौके पर जाकर जांच की? क्या कथित अवैध असलहों और जान से मारने की धमकी के आरोपों की जांच कराई गई?
 
अब पीड़ित परिवार को प्रशासन से इंसाफ और अपनी जमीन पर सुरक्षित तरीके से खेती करने का अधिकार मिलने का इंतजार है।
 
पीड़ित पक्ष की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और नाबालिग बच्ची व उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें